ग्राम मोहदा में निकली भव्य तिरंगा यात्रा: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के नेतृत्व में देशभक्ति की गूंज से गूंजा सरायपाली क्षेत्र
हर घर तिरंगा, हर दिल में देश: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने जगाई राष्ट्रप्रेम की अलख


बसना/सरायपाली। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मोहदा में एक ऐतिहासिक और भावनात्मक तिरंगा यात्रा एवं बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र को देशभक्ति की भावना से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का नेतृत्व बसना विधानसभा के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने किया, जिनकी प्रेरणादायक उपस्थिति ने जनसमूह में उत्साह और गर्व की भावना भर दी।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत ग्राम मोहदा के मुख्य चौक से हुई, जहां भारी संख्या में लोग तिरंगा हाथ में लिए देशभक्ति के नारों के साथ एकत्रित हुए। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” की गूंज से पूरा सरायपाली क्षेत्र गूंज उठा। बाइक रैली और तिरंगा यात्रा में युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे यह आयोजन एक जनआंदोलन जैसा प्रतीत हुआ।
यात्रा के दौरान बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि हमारा तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि यह हमारे पूर्वजों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की अमिट छवि है। इसकी शान को बनाए रखना हम सबका परम कर्तव्य है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल देश को एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान ने जन-जन में राष्ट्रप्रेम की भावना को पुनः जागृत किया है।
विधायक डॉ. अग्रवाल ने बताया कि तिरंगा यात्रा के दौरान जगह-जगह पर तिरंगे का सम्मान हुआ और लोगों ने अपने घरों पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति अपनी निष्ठा और प्रेम को दर्शाया। उन्होंने कहा कि चारों तरफ हर घर में तिरंगा लहरा रहा है। यह दृश्य देखकर मन गर्व से भर जाता है। यह केवल एक रैली नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह दिन हमें उन लाखों देशभक्तों की याद दिलाता है जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर हमें आज़ादी दिलाई। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं और तिरंगे की शान को हमेशा बनाए रखें।
इस भव्य तिरंगा यात्रा और बाइक रैली में जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल,पूर्व विधायक रामलाल चौहान,प्रदेश मंत्री कामता पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र नायक,हिंदू जागरण जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा,जनपद सभापति उषा पटेल,जिला महामंत्री पुष्पलता चौहान, सोसायटी अध्यक्ष अनंतराम पटेल,केंदुआ मंडल अध्यक्ष दण्डधर साव,युवा नेता प्रमोद सागर,पूर्व सभापति जयंती पटेल,मंडल मंत्री विनीता साहू,जनपद प्रतिनिधि अर्जुन बसंत,विधायक प्रतिनिधि सोनू छाबड़ा, विधायक प्रतिनिधि अरविंद मिश्रा, खेमू अग्रवाल,नीलांबर नायक,रवि चौहान,मोहदा सरपंच हेमसागर पटेल,विक्की अग्रवाल,पूर्व महामंत्री उत्तर निषाद समेत भारी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे।