छत्तीसगढ़ में बड़ा पुलिस फेरबदल: 18 आईपीएस और राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों का तबादला, कई जिलों के एसपी-एएसपी बदले गए
छत्तीसगढ़ शासन के गृह विभाग ने पुलिस महकमे में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 18 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस बड़ी सर्जरी में कई जिलों के एसपी, एएसपी, सीएसपी और प्रशिक्षु अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

पुलिस मुख्यालय की नई जिम्मेदारियों पर नजर डालें तो कई अहम बदलाव किए गए हैं। नक्सल मोर्चे पर मोर्चेबंदी कर रहे अधिकारियों को मुख्यालय में रणनीतिक पदों पर लाया गया है। बीजापुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात रहे झा अमनकुमार रामकुमार को अब पुलिस मुख्यालय रायपुर में पुलिस अधीक्षक (एसआईबी) की अति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह नारायणपुर में पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार को भी पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक (एसआईबी) का प्रभार दिया गया है। भानुप्रतापपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्री श्रीमाल को पदोन्नत करते हुए सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) के पद पर पदस्थ किया गया है। नारायणपुर से एक और अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रमोद सबद्रा को पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (योजना और प्रबंध) बनाया गया है। इसके अलावा, दुर्ग जिले के एसटीएफ बघेरा में तैनात आकाश कुमार शुक्ला को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एनटीएफ) की अहम कमान सौंपी गई है।
जमीनी स्तर पर जिलों की कमान में भी व्यापक बदलाव किए गए हैं। विशेषकर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नए और ऊर्जावान अधिकारियों को फील्ड ऑपरेशन की जिम्मेदारी दी गई है। सुकमा में पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित कुमार शाह को बीजापुर में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 15वीं वाहिनी में सेनानी के रूप में नई नियुक्ति मिली है। जगदलपुर के नगर पुलिस अधीक्षक ध्रुवे समीतकुमार दत्तलाहरी को अब कांकेर जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) का दायित्व संभालना होगा। रायपुर के आजाद चौक में सहायक पुलिस आयुक्त रहे ईशु अग्रवाल को नारायणपुर जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) के संवेदनशील पद पर भेजा गया है। रायगढ़ के नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा को नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) नियुक्त किया गया है, जबकि राजनांदगांव की नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन को जगदलपुर में एएसपी (ऑपरेशन) की जिम्मेदारी दी गई है।
इन तबादलों में संभाग स्तर के प्रमुख शहरों के अधिकारियों को भी नई जगहों पर भेजा गया है। कोरबा जिले के दर्री नगर में पुलिस अधीक्षक रहे विमल कुमार पाठक को अब नारायणपुर जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) बनाया गया है। दुर्ग के नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मेहर को कोंडागांव जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) का प्रभार सौंपा गया है। इसी कड़ी में अंबिकापुर के नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल को बीजापुर जिले में एएसपी (ऑपरेशन) के पद पर तैनात किया गया है। गृह विभाग का यह कदम स्पष्ट करता है कि सरकार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कानून व्यवस्था के मोर्चे पर किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है और वहां मजबूत ऑपरेशनल टीम तैयार कर रही है। बीजापुर में ही पदस्थ एक अन्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार मीणा को पुलिस मुख्यालय रायपुर बुलाकर चिटफंड और महिला विरुद्ध अपराध शाखा में पुलिस अधीक्षक का महत्वपूर्ण जिम्मा दिया गया है।
इस फेरबदल में राज्य के युवा और प्रशिक्षु पुलिस अधिकारियों को भी मैदानी स्तर पर स्वतंत्र प्रभार देकर उनकी कार्यक्षमता को परखने का मौका दिया गया है। बिलासपुर में प्रशिक्षु अधिकारी के तौर पर कार्य कर रहीं अशिका जैन को जगदलपुर में नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) बनाया गया है। राजधानी रायपुर में प्रशिक्षु रहीं सांकोर मानसी नानाभाऊ को रायपुर के ही बेहद संवेदनशील आजाद चौक इलाके में सहायक पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी मिली है। राजनांदगांव में प्रशिक्षु रहे आदित्य कुमार को वहीं पर नगर पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि कांकेर में प्रशिक्षु रहे प्रतीक बंसोड़ को सरगुजा संभाग के मुख्यालय अंबिकापुर में नगर पुलिस अधीक्षक का प्रभार सौंपा गया है। गृह विभाग ने संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों और पुलिस महानिरीक्षकों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि वे स्थानांतरित अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से कार्यमुक्त करें ताकि नई व्यवस्था सुचारू रूप से लागू हो सके।



