उरला पुलिस के हत्थे चढ़ा बाइक चोर: 2 लाख के 5 वाहन जब्त, BNS के तहत कार्रवाई
24 घंटे के भीतर पुलिस ने दबोचा, आरोपी के पास से बरामद हुईं 5 मोटरसाइकिलें।

रायपुर । रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की कुल 5 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 2,00,000/- रुपये बताई जा रही है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि प्रार्थी देवेंद्र साहू ने थाना उरला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 जुलाई 2026 को वह उरला स्थित एक पेट्रोल पंप पर काम करने आया था। उसने अपनी मोटरसाइकिल पंप परिसर में खड़ी की थी, जो शाम को गायब मिली। देवेंद्र की शिकायत पर उरला पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध क्रमांक 305/2026 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की।
राजधानी में वाहन चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में उरला थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
इसी दौरान उरला पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और मुखबिर के बताए हुलिये के आधार पर संदेही को धर दबोचा। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम अभय दुबे बताया और कबूल किया कि मोटरसाइकिल चोरी की है।
जब पुलिस ने आरोपी से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, तो उसने रायपुर के अलग-अलग इलाकों से 4 अन्य दोपहिया वाहन चोरी करने की बात भी स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कुल 5 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
आरोपी का विवरण
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान अभय दुबे (उम्र 30 वर्ष), पिता सचिदानंद दुबे के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम रामपुर डुंगा, थाना करसाना, जिला बलरामपुर का निवासी है, जो वर्तमान में बीएसपी प्लांट, इस्पात बैरन रोड, थाना उरला (रायपुर) में रह रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर आगे की जांच कर रही है।



