धरसींवा में भव्य कांवड़ यात्रा 23 अगस्त को: विधायक अनुज शर्मा चरोदा के मुक्तेश्वर मंदिर से उठाएंगे जल, सोमनाथ मंदिर में करेंगे जलाभिषेक
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए रूट मैप तैयार, विधायक अनुज शर्मा ने शिवभक्तों से अनुशासित होकर शामिल होने का किया आह्वान

धरसींवा। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना को लेकर आगामी 23 अगस्त को भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में निकलने वाली इस विशाल यात्रा को सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाने के लिए ‘सेवा सदन’ में मंडल के जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कांवड़ यात्रा के साथ-साथ आगामी राष्ट्रीय पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली ‘तिरंगा यात्रा’ के सफल क्रियान्वयन को लेकर भी विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।
विधायक अनुज शर्मा ने बताया कि 23 अगस्त को प्रातः 7:00 बजे चरोदा स्थित मुक्तेश्वर मंदिर में विशेष रुद्राभिषेक एवं विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर यात्रा का विधिवत शुभारंभ होगा। इसके पश्चात, सभी कांवड़िए मुक्तेश्वर धाम से पवित्र जल लेकर प्रस्थान करेंगे और ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर पहुँचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि यह कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि पूरे धरसींवा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति के लिए समर्पित एक सामूहिक साधना है। उन्होंने यात्रा को समयबद्ध और अनुशासित बनाने के लिए सभी श्रद्धालुओं से सुबह 7:00 बजे चरोदा मुक्तेश्वर मंदिर पहुँचने की अपील की।
तैयारियों की समीक्षा करते हुए विधायक ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, जलपान, विश्राम स्थल और प्राथमिक चिकित्सा की चाक-चौबंद व्यवस्था की जाए। यात्रा के दौरान आम जनता को आवागमन में असुविधा न हो, इसके लिए स्थानीय पुलिस व प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर रूट मैप के अनुसार यातायात व्यवस्थित रखा जाएगा।
बैठक के दौरान क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति का संदेश देने वाली ‘तिरंगा यात्रा’ की तैयारियों पर भी गहन मंथन हुआ। विधायक ने क्षेत्रवासियों से दोनों आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की भावपूर्ण अपील की। कार्यक्रम के पश्चात विधायक शर्मा ने ‘सेवा सदन’ में आयोजित जनदर्शन के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याएँ भी सुनीं और उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
इस दौरान क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, वरिष्ठ कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय शिवभक्त उपस्थित रहे।



