पेंड्रावन जलाशय के अस्तित्व को बचाने आगे आए विधायक अनुज शर्मा, किसान प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की निर्णायक भेंट
यह केवल जलाशय नहीं, बल्कि हजारों किसान परिवारों की आजीविका और जल-संरक्षण की आधारशिला है: विधायक अनुज शर्मा

रायपुर। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बंगोली स्थित 115 वर्ष पुराने ऐतिहासिक ‘पेंड्रावन जलाशय’ के संरक्षण और इसके अस्तित्व को सुरक्षित रखने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं निर्णायक पहल सामने आई है। क्षेत्र के अन्नदाताओं की चिंता को स्वर देते हुए धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने ‘पेंड्रावन जलाशय बचाओ किसान संघर्ष समिति’ के प्रतिनिधिमंडल के साथ राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य एवं सार्थक मुलाकात की। इस उच्चस्तरीय भेंट के दौरान विधायक शर्मा ने जलाशय की वर्तमान वस्तुस्थिति, इसके गौरवशाली ऐतिहासिक महत्व तथा क्षेत्र के किसानों के समक्ष उत्पन्न हो रही चुनौतियों से मुख्यमंत्री को विस्तारपूर्वक अवगत कराया।
कृषि व्यवस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की जीवनरेखा है जलाशय
चर्चा के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने मुख्यमंत्री के समक्ष पेंड्रावन जलाशय के संरक्षण और किसानों के व्यापक हित में इसके शीघ्र व स्थायी समाधान की मांग को पूरी प्रमुखता से रखा। विधायक शर्मा ने कहा कि लगभग सवा सौ वर्ष पुराना यह ऐतिहासिक जलाशय केवल एक जल संरचना मात्र नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण धरसींवा और आसपास के ग्रामीण अंचल की कृषि व्यवस्था, भू-जल स्तर संवर्धन और हजारों किसान परिवारों की आजीविका की वास्तविक जीवनरेखा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस जलाशय से बड़े रकबे में फसलों की सिंचाई होती है, जिस पर क्षेत्र की ग्रामीण अर्थव्यवस्था सीधे तौर पर निर्भर है। जलाशय पर मंडराने वाले किसी भी प्रकार के संकट से न केवल खेती-किसानी प्रभावित होगी, बल्कि क्षेत्र के पारिस्थितिकी तंत्र और पर्यावरण पर भी गहरा प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
किसान संघर्ष समिति ने साझा की जमीनी पीड़ा और पेयजल संकट की आशंका
इस अवसर पर उपस्थित ‘पेंड्रावन जलाशय बचाओ किसान संघर्ष समिति’ के पदाधिकारियों ने भी स्थानीय ग्रामीणों की भावनाओं और जमीनी हकीकत से मुख्यमंत्री को रूबरू कराया। समिति के सदस्यों ने बताया कि क्षेत्र के किसान लंबे समय से अपनी इस विरासत और जल धरोहर को सुरक्षित रखने के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि इस ऐतिहासिक जलाशय का संरक्षण सुनिश्चित नहीं किया गया, तो आने वाले समय में पूरे अंचल में सिंचाई के साथ-साथ गंभीर पेयजल संकट भी उत्पन्न हो सकता है।
मुख्यमंत्री साय ने दिखाई संवेदनशीलता, सकारात्मक निर्णय का दिया भरोसा
विधायक अनुज शर्मा और किसान प्रतिनिधिमंडल की बातों को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अत्यंत गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। मुख्यमंत्री ने जलाशय के ऐतिहासिक महत्व और किसानों की चिंताओं को पूर्णतः जायज ठहराते हुए आश्वस्त किया कि राज्य सरकार जल-संरक्षण और अन्नदाताओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने इस पूरे विषय पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए जल्द ही उचित, न्यायसंगत एवं ठोस निर्णय लेने का भरोसा दिलाया।
अन्नदाताओं में जगी नई उम्मीद, विधायक ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
मुख्यमंत्री से मिले इस सकारात्मक आश्वासन के पश्चात विधायक श्री अनुज शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का हृदय से आभार व्यक्त किया। विधायक शर्मा ने कहा कि प्रदेश की संवेदनशील सरकार सदैव किसानों के सम्मान और अधिकारों के साथ खड़ी है, और निश्चित रूप से पेंड्रावन जलाशय के संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री के साथ हुई इस सार्थक चर्चा के बाद ग्राम बंगोली सहित पूरे धरसींवा क्षेत्र के किसानों और संघर्ष समिति के सदस्यों में नई ऊर्जा व उम्मीद का संचार हुआ है।
इस महत्वपूर्ण भेंट के दौरान धरसींवा विधायक अनुज शर्मा के साथ पूर्व विधायक देव जी भाई पटेल, डोमार सिंह धुरंधर, उधोराम वर्मा, ललित बघेल, अनिल नायक, घनश्याम वर्मा, ठाकुर राम मढ़रिया, हेमंत सिंह ठाकुर, कुंज़लाल वर्मा, प्रदीप मढ़रिया तथा वीरनारायण देवांगन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।



