पंडरिया विधायक भावना बोहरा के जन्मदिन पर उमड़ा जनसैलाब, 10 हजार से अधिक लोगों ने पहुंचकर दिया आशीर्वाद
पौधारोपण, देवदर्शन और वृद्धाश्रम में फल वितरण कर विधायक बोहरा ने सादगी से मनाया जन्मदिन,समर्थकों में भारी उत्साह।

पंडरिया। पंडरिया विधानसभा की विधायक भावना बोहरा के जन्मदिन के अवसर पर सोमवार को क्षेत्र में अभूतपूर्व आत्मीयता और जनउत्साह देखने को मिला। कबीरधाम जिले और पंडरिया विधानसभा के कोने-कोने से पहुंचे हजारों समर्थकों, वरिष्ठजनों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। ग्राम रणवीरपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक लोगों की मौजूदगी ने इस अवसर को एक विशाल ‘जनआशीर्वाद उत्सव’ का रूप दे दिया।
जन्मदिन के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस दौरान विधायक भावना बोहरा ने ग्राम सेमरहा से आए बच्चों के साथ केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया।
दिन की शुरुआत विधायक बोहरा ने कवर्धा में ‘टीम हरीतिमा’ व भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पौधारोपण कर की। इसके बाद उन्होंने माँ महामाया, बुढ़ा महादेव एवं खेड़ापति हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और पंडरिया की उन्नति की कामना की। उन्होंने वृद्धाश्रम पहुंचकर वरिष्ठजनों का हाल-चाल जाना, उनका आशीर्वाद लिया और फल वितरित किए।
रणवीरपुर पहुंचने के मार्ग में उड़ियाखुर्द, सहसपुर लोहारा, सिल्हाटी मोड़, विचारपुर, सिंगारपुर, रणजीतपुर और जमुनिया सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया।
उपस्थित जनसमूह और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया की जनता ने जिस आत्मीयता से इस दिन को जनउत्सव में बदला है, वह मेरे लिए अविस्मरणीय है। यह स्नेह मुझे याद दिलाता है कि एक जनप्रतिनिधि के रूप में मेरी सबसे बड़ी जिम्मेदारी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना है।
विधायक बोहरा ने अपनी प्रमुख जनसेवा पहलों का जिक्र करते हुए बताया कि क्षेत्र में 10 निःशुल्क बस सेवा, 8 एम्बुलेंस व मोबाइल हेल्थ पैथ लैब, साइंस पाठशाला और निःशुल्क कोचिंग के माध्यम से युवाओं, महिलाओं व विद्यार्थियों को निरंतर सुविधाएं दी जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि पंडरिया विधानसभा में लगभग 1200 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं, जिनमें सुतियापाट जलाशय का विस्तार, हरिनाला पुल निर्माण, पंडरिया-पांडाातराई बाईपास, 250 सीटर नालंदा परिसर व ऑडिटोरियम और 300 करोड़ से अधिक की पेयजल एवं सिंचाई परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा वनांचल क्षेत्रों में 100 किमी से अधिक सड़कों का निर्माण और 3500 से अधिक आदिवासी परिवारों को आवास मुहैया कराए गए हैं।
अंत में उन्होंने सभी वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों का हृदय से आभार जताते हुए पंडरिया को एक समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर विधानसभा बनाने का अपना संकल्प दोहराया।


