बसना को विकास की बड़ी सौगात: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के प्रयासों से पिरदा-बांदुडीपा मार्ग हेतु 3.42 करोड़ स्वीकृत
वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग हुई पूरी; पक्की सड़क व पुल-पुलिया निर्माण से दर्जनों गांवों को मिलेगा बारहमासी सुगम आवागमन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव का जताया आभार।

बसना । बसना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत उपसंभाग पिथौरा के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग अब धरातल पर उतरने जा रही है। क्षेत्रीय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल की सक्रियता और निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप पिरदा से बांदुडीपा मार्ग के कायाकल्प का रास्ता साफ हो गया है। शासन द्वारा इस 2.50 किलोमीटर लंबे मार्ग पर पुल-पुलिया सहित आधुनिक डामरीकृत (पक्की) सड़क निर्माण कार्य के लिए 342.29 लाख रुपये (3 करोड़ 42 लाख 29 हजार रुपये) की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
क्षेत्र को मिली इस सौगात पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री अरुण साव का बसना विधानसभा की जनता की ओर से आभार जताया।
बरसात में आवागमन की समस्या से मिलेगी मुक्ति
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने बताया कि पिरदा से बांदुडीपा मार्ग की जर्जर स्थिति को सुधारना और रास्ते में पुल-पुलिया का निर्माण कराना क्षेत्रवासियों की एक प्रमुख आवश्यकता थी। पूर्व में बरसात के दिनों में जलभराव व कीचड़ के कारण ग्रामीणों, किसानों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि इस 2.50 किलोमीटर पक्की सड़क और नवीन पुल-पुलिया के बन जाने से पिरदा, बांदुडीपा सहित आसपास के दर्जनों गांवों को बारहमासी सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किसानों को अपनी उपज कृषि उपज मंडियों तक ले जाने में आसानी होगी, वहीं बीमार व्यक्तियों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं भी समय पर मिल सकेंगी।
‘विष्णु के सुशासन’ में ग्रामीण अधोसंरचना को प्राथमिकता
राज्य सरकार के विकास कार्यों की सराहना करते हुए विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण अंचलों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। ‘विष्णु के सुशासन’ में हर वर्ग के कल्याण और बुनियादी ढांचे की मजबूती को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा जनहित के इस प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए त्वरित स्वीकृति दी गई है, जिसके लिए वे शासन के आभारी हैं।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में उत्साह का माहौल
पिरदा-बांदुडीपा सड़क की वित्तीय व प्रशासकीय मंजूरी की सूचना मिलते ही समूचे ग्रामीण अंचल में हर्ष का माहौल है। क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों और ग्रामीणों ने विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि विधायक डॉ. संपत अग्रवाल क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को लगातार शासन स्तर पर मजबूती से उठाकर उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।



