टाटीबंध और हीरापुर मार्ग पर अवैध पार्किंग करने वाले ट्रकों पर गिरी गाज, 3 पर FIR दर्ज
आम नागरिकों को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए रायपुर पुलिस का अभियान; नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने वालों को दी गई सख्त चेतावनी।

रायपुर । राजधानी रायपुर में सड़कों को जाम मुक्त बनाने और सुगम यातायात व्यवस्था बहाल करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। टाटीबंध चौक और आसपास के प्रमुख मार्गों पर बेतरतीब खड़े भारी वाहनों के खिलाफ यातायात थाना टाटीबंध और थाना आमानाका की संयुक्त टीम ने बड़ा विशेष अभियान चलाया।
इस संयुक्त चेकिंग अभियान के तहत हीरापुर मार्ग, बिलासपुर रोड तथा टाटीबंध चौक के आसपास सड़क किनारे अवैध और नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े ट्रक एवं ट्रेलरों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सड़क पर यातायात को बाधित करने वाले और नियमों की अनदेखी करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 25 ई-चालान काटे गए। वहीं, अत्यधिक लापरवाहीपूर्वक वाहन खड़ा कर आम लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले 03 भारी वाहन चालकों पर आमानाका थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285 के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।
कार्रवाई के साथ-साथ यातायात पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों को सड़क पर अनधिकृत पार्किंग न करने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की समझाइश दी। पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि सड़कों पर अवैध पार्किंग के कारण होने वाली दुर्घटनाओं और जाम की स्थिति को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम नागरिकों को सुरक्षित, सुचारू और सुगम यातायात उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



