श्रमिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम:विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा- श्रम कार्ड’ केवल दस्तावेज नहीं, सम्मानजनक जीवन का आधार है
रायपुर उत्तर विधानसभा में विशेष पंजीयन शिविर का आयोजन, शासकीय योजनाओं से सीधे जुड़ेंगे श्रमिक परिवार।

रायपुर । रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुंदरा पारा में श्रमिक सशक्तिकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। क्षेत्र के श्रमिक भाई-बहनों को शासकीय योजनाओं का सीधा लाभ दिलाने के उद्देश्य से एक विशाल ‘श्रम कार्ड पंजीयन शिविर’ का आयोजन किया गया। इस शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर उत्तर के विधायक पुरन्दर मिश्रा शामिल हुए। उन्होंने न केवल कार्यक्रम का जायजा लिया, बल्कि हितग्राहियों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें अपने हाथों से श्रम कार्ड वितरित किए।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि श्रम कार्ड केवल एक कागजी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह हमारे श्रमिक परिवारों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत जरिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह कार्ड हमारे श्रमिक भाइयों और बहनों के लिए एक सुरक्षा कवच की तरह है। इसके माध्यम से वे शासन की विभिन्न जन-कल्याणकारी, स्वास्थ्य और आर्थिक सहायता योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन को अधिक सुरक्षित व सम्मानजनक बना सकते हैं। केंद्र और राज्य की सरकारें अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए निरंतर संकल्पित हैं।
कुंदरा पारा में आयोजित इस शिविर को लेकर स्थानीय श्रमिकों में भारी उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों ने पंक्तिबद्ध होकर अपना पंजीयन कराया और मौके पर ही कार्ड प्राप्त किए। कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने विधायक की इस जमीनी पहल की सराहना करते हुए इसे श्रमिक कल्याण की दिशा में एक सार्थक और दूरगामी प्रयास बताया।
समारोह में संगठनात्मक और स्थानीय स्तर पर मजबूत उपस्थिति रही। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष दलविंदर बेदी, वरिष्ठ कार्यकर्ता महेश बघेल, माधुरी बघेल सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और भारी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।



