पश्चिम क्षेत्र के 10 स्पा सेंटरों पर आधी रात छापा, खंगाले दस्तावेज
अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने सड़क पर उतरी पुलिस:स्पा संचालकों को अल्टीमेटम,नियम टूटे तो होगी जेल।

रायपुर । रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर में कानून-व्यवस्था को पुख्ता करने और स्पा सेंटरों की आड़ में होने वाली संभावित अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एक बड़ा अभियान छेड़ा है। शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) संदीप पटेल के कड़े निर्देश पर पश्चिम क्षेत्र में संचालित स्पा सेंटरों पर अचानक दबिश दी गई। इस औचक कार्रवाई से पूरे इलाके के स्पा संचालकों में हड़कंप मच गया।
इस व्यापक चेकिंग अभियान की कमान खुद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) राहुल देव शर्मा ने संभाली। उनके नेतृत्व में पश्चिम क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्तों (ACPs) सहित सरस्वती नगर, आजाद चौक और डी.डी. नगर के थाना प्रभारियों व भारी पुलिस बल की संयुक्त टीम ने एक साथ मोर्चा संभाला। टीम ने इन तीनों थाना क्षेत्रों में संचालित कुल 10 प्रमुख स्पा सेंटरों पर एक साथ आकस्मिक चेकिंग की।
इस अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सभी स्पा सेंटरों के भीतर चल रही गतिविधियों की जमीनी हकीकत जानने के लिए बेहद सूक्ष्मता से जांच की। इस दौरान वैधानिक बिंदुओं का कड़ाई से परीक्षण करते हुए वहां काम करने वाले कर्मचारियों के पहचान पत्रों व उनके वैधानिक दस्तावेजों की गहनता से पड़ताल की गई, साथ ही स्पा में आने-जाने वाले आगंतुकों के एंट्री रजिस्टर और टाइमिंग का भी बारीकी से क्रॉस-चेक किया गया। इसके अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस प्रणाली का निरीक्षण करते हुए सेंटरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशील स्थिति की भी जांच की गई ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कैमरे पूरी तरह चालू स्थिति में हैं या नहीं।
रायपुर पुलिस प्रशासन ने कहा कि शहर में किसी भी स्पा सेंटर को नियमों के उल्लंघन की इजाजत नहीं दी जाएगी। यह चेकिंग अभियान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और पारदर्शी संचालन सुनिश्चित करने के लिए चलाया गया है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने सभी स्पा संचालकों को कड़े लहजे में हिदायत दी है कि वे शासन द्वारा तय की गई गाइडलाइंस का शत-प्रतिशत पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सभी कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराया जाए और सीसीटीवी कैमरों को 24 घंटे चालू रखा जाए।
डीसीपी पश्चिम के कार्यालय द्वारा जारी संदेश में चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में किसी भी स्पा सेंटर में नियमों का उल्लंघन, दस्तावेजों में हेरफेर या कोई भी संदिग्ध/अवैध गतिविधि पाई गई, तो बिना किसी रियायत के संबंधित संचालकों के खिलाफ विधिसम्मत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।



