आधी रात को सड़क पर देते थे वारदात को अंजाम, चाकू की नोक पर लूट करने वाले गिरोह के 6 सदस्य गिरफ्तार
डीआरएम ऑफिस और वॉल्टेयर लाइन के पास राहगीरों को बनाया था निशाना; सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से दबोचे गए आरोपी।

रायपुर । राजधानी रायपुर के उत्तर जिले में चाकू और फरसा चमकाकर राहगीरों से लूटपाट करने वाले एक शातिर गिरोह का खमतराई पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग सनसनीखेज लूट की वारदातों का चंद दिनों के भीतर खुलासा करते हुए एक नाबालिग (विधि से संघर्षरत बालक) समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल घातक हथियार (फरसा), लूटे गए 3 मोबाइल फोन और नगदी बरामद की है। इस मामले में चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी को भी पुलिस ने नहीं बख्शा और उसे भी सलाखों के पीछे भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस गिरोह ने पिछले कुछ दिनों में खमतराई इलाके में दहशत फैला रखी थी। पहली वारदात 20 जून 2026 की रात करीब 01:40 बजे डीआरएम ऑफिस के पास हुई थी, जहां एक मोटरसाइकिल सवार को धारदार फरसा दिखाकर रोका गया और उससे रियलमी का मोबाइल व 1,800 नगद लूट लिए गए। वहीं, दूसरी वारदात 06 जुलाई 2026 की देर रात करीब 12:30 बजे वॉल्टेयर लाइन के पास हुई। यहाँ आरोपियों ने एक एक्टिवा सवार और एक हाईवा चालक को चाकू की नोक पर बंधक बनाकर 2 मोबाइल फोन और 1,750 नगद लूट लिए थे। दोनों मामलों की शिकायत के बाद खमतराई पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (उत्तर जोन) मयंक गुर्जर (IPS), एडिशनल डीसीपी आकाश मरकाम और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में खमतराई थाना प्रभारी जितेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आखिरकार संदिग्धों को घेराबंदी कर हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने दोनों लूट की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 54,998 मूल्य का मशरूका बरामद किया है। इसके साथ ही लूटे गए मोबाइल फोन को कौड़ियों के दाम खरीदने वाले आरोपी के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2), 317(5) और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कड़ा मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची:
- जयराज ताण्डी (20 वर्ष), खमतराई, रायपुर
- करन नायक (18 वर्ष), खमतराई, रायपुर
- दिनेश सोना (23 वर्ष), खमतराई, रायपुर
- कृष्णा उर्फ अर्जुन उर्फ बाबू (19 वर्ष), खमतराई, रायपुर
- बबलू महानंद (34 वर्ष), खमतराई, रायपुर (चोरी का माल खरीदने वाला)
- 01 विधि से संघर्षरत बालक



