पार्षद के फर्जी लेटरहेड और दस्तखत से बनाए दस्तावेज,आर्यन च्वॉइस सेंटर का संचालक विपीन केशरी सलाखों के पीछे
मंगल बाजार स्थित च्वॉइस सेंटर में पुलिस की दबिश,जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और आईडी कार्ड बनाने के नाम पर हो रही थी धोखाधड़ी।

रायपुर । रायपुर कमिश्नरेट की पश्चिम क्षेत्र पुलिस ने जालसाजी और धोखाधड़ी के एक बड़े मामले का भंडाफोड़ किया है। थाना आजाद चौक पुलिस ने फर्जी लेटरहेड और जनप्रतिनिधि के जाली हस्ताक्षर का उपयोग कर विभिन्न प्रकार के दस्तावेज तैयार करने वाले एक च्वॉइस सेंटर संचालक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धोखाधड़ी में इस्तेमाल किए जा रहे कई कीमती इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी दीपक जायसवाल (निवासी खपराभट्टी, आजाद चौक) ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थी रायपुर नगर पालिक निगम के वार्ड क्रमांक 37 (शहीद चूडामणी नायक वार्ड) के निर्वाचित पार्षद हैं। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में बताया कि मंगल बाजार स्थित ‘आरयन च्वॉइस सेंटर’ द्वारा उनके नाम के लेटरहेड और दस्तखत का अवैध रूप से इस्तेमाल किया जा रहा है। आरोपी इस फर्जीवाड़े के जरिए लोगों के जन्म प्रमाण-पत्र, मृत्यु प्रमाण-पत्र, पहचान पत्र व नगर निगम से जुड़े अन्य अहम दस्तावेज तैयार कर मोटी रकम वसूल रहा था।
पार्षद की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 142/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 336(3), 340(2) और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने थाना प्रभारी आजाद चौक को तत्काल और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने साक्ष्य जुटाने के बाद मंगल बाजार स्थित आर्यन च्वॉइस सेंटर पर अचानक छापा मारा। कार्रवाई के दौरान सेंटर पर मौजूद संचालक विपीन केशरी को हिरासत में लिया गया।
शुरुआत में आनाकानी करने के बाद, जब पुलिस ने दस्तावेजों और कड़े साक्ष्यों को सामने रखकर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, तो आरोपी विपीन केशरी टूट गया। उसने स्वीकार किया कि वह पार्षद के फर्जी लेटरहेड और जाली हस्ताक्षर का उपयोग कर अवैध रूप से सरकारी दस्तावेज तैयार कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के च्वॉइस सेंटर से अपराध में प्रयुक्त एक लैपटॉप, एक कलर प्रिंटर और एक लैमिनेशन मशीन को विधिवत जब्त कर लिया है।
आरोपी का प्रोफाइल:
गिरफ्तार किया गया आरोपी विपीन केशरी (उम्र 38 वर्ष), पिता राकेश चंद्र केशरी, मूल रूप से कटरा बाजार, थाना कोईरवाना, जिला भदोही (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है। वर्तमान में वह रायपुर के अश्वनी नगर (कृति ब्यूटी पार्लर के पास, थाना पुरानी बस्ती) में रह रहा था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों के फर्जी दस्तावेज तैयार किए हैं और इस रैकेट में कोई और तो शामिल नहीं है।



