पंडरिया को सौगात: विधायक भावना बोहरा ने इन्दौरी में 2.85 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण व भूमिपूजन
1.91 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक मिनी स्टेडियम; सुशासन तिहार में सुनीं जनसमस्याएं, मौके पर दिए निराकरण के निर्देश।


कवर्धा/पंडरिया । छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के गठन के बाद से ही पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को एक नई गति मिली है। इसी कड़ी में पंडरिया की सक्रिय विधायक भावना बोहरा के सतत प्रयासों से नगर पंचायत इन्दौरी में अधोसंरचना, खेल, सौन्दर्यीकरण एवं जनसुविधाओं के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कार्य हो रहे हैं। विधायक भावना बोहरा ने नगर पंचायत इन्दौरी को 2 करोड़ 85 लाख 5 हजार की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी, जिसका उन्होंने भव्य समारोह में लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
समारोह के दौरान विधायक भावना बोहरा ने 1 करोड़ 91 लाख 87 हजार की लागत से बनने वाले बहुप्रतीक्षित मिनी स्टेडियम तथा 53 लाख 72 हजार की लागत से तैयार होने वाले एस.एल.आर.एम. (SLRM) सेंटर का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही, उन्होंने नगरवासियों को बधाई देते हुए 20 लाख की लागत से निर्मित सरदार वल्लभभाई पटेल चौक एवं 19 लाख 91 हजार की लागत से निर्मित परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा चौक का लोकार्पण भी किया।
विधायक भावना बोहरा ने कहा ये निर्माण कार्य केवल पत्थर-कंक्रीट के ढांचे नहीं हैं, बल्कि इन्दौरी के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं। मिनी स्टेडियम से हमारे ग्रामीण युवाओं की खेल प्रतिभा को निखरने का अवसर मिलेगा, वहीं एस.एल.आर.एम. सेंटर से स्वच्छता और आधुनिक अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूती मिलेगी।
लोकार्पण और भूमिपूजन के पश्चात विधायक भावना बोहरा नगर में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ अंतर्गत समाधान शिविर में शामिल हुईं। उन्होंने सीधे जनता से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री का वितरण किया गया और मुख्यमंत्री सुपोषण योजना के तहत गर्भवती माताओं की गोदभराई भी की गई। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में आज प्रशासन सीधे जनता के घर और गांव तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को दूर कर रहा है।
विधायक बोहरा ने क्षेत्र की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि बीते कुछ समय में इन्दौरी नगर पंचायत के विकास के लिए लगभग ₹10 करोड़ के कार्यों की स्वीकृति दिलाई गई है। इनमें से कई कार्य पूर्ण हो चुके हैं और शेष प्रगति पर हैं, जिन्हें समय सीमा में पूरा कर लिया जाएगा।
आने वाले समय में इन्दौरी में अन्य प्रमुख कार्य भी धरातल पर दिखेंगे, जिनमें शामिल हैं:
- मुक्तिधाम का जीर्णोद्धार व उन्नयन।
- नया व्यावसायिक परिसर और मांगलिक कार्यक्रमों के लिए भव्य मंगल भवन।
- इन्दौरी से बहरमुड़ा तक 2.80 किलोमीटर की बहुप्रतीक्षित सड़क का निर्माण।
- 30 लाख की लागत से नगर का सुव्यवस्थित सौन्दर्यीकरण।
- नगर के सभी वार्डों में हाई मास्ट, स्ट्रीट लाइट, सीसी रोड और नाली निर्माण।
- स्थानीय विद्यालयों का उन्नयन ताकि बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके।
इस गौरवमयी विकास उत्सव के दौरान जिला पंचायत सदस्य रोशन दुबे, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मिंत्रीन मंहगीलाल माण्डले, उपाध्यक्ष जसवंत कुमार साहू, मंडल अध्यक्ष खेलेश्वर साहू, महामंत्री मनोज बंजारे, राजू चंद्रवंशी, सभापति नारद साहू, सुखमणी गोस्वामी, हिमचंद सिन्हा, तनुजा आडिले, सीता राम साहू, दिनेश चंद्रवंशी, शिव कुमार चंद्रवंशी, महंगी लाल मांडले, मोंगरा साहू, ज्ञानेश डहरिया, भरत साहू सहित सभी वार्डों के पार्षदगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और भारी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।



