सड़क पर उतरे जनप्रतिनिधि: ई-रिक्शा से पंडरी के झंडा चौक और अरमान नाला पहुंचे विधायक पुरंदर मिश्रा, जानीं जनसमस्याएं
स्थानीय पार्षदों के साथ झंडा चौक और अरमान नाला का किया दौरा, सुनीं जनता की समस्याएं।


रायपुर। रायपुर नगर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा आज एक अलग ही अंदाज में नजर आए। क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं का जमीनी स्तर पर आकलन करने के लिए विधायक खुद ई-रिक्शा में सवार होकर पंडरी स्थित झंडा चौक और अरमान नाला क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके त्वरित व प्रभावी समाधान के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक मिश्रा ने स्पष्ट किया कि रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के हर नागरिक को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराना उनकी राजनीति और सेवा का मुख्य ध्येय है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास, बेहतर स्वच्छता व्यवस्था, सुचारू जल निकासी और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और इसके लिए हमारा प्रयास निरंतर जारी रहेगा ।
इस जमीनी दौरे के दौरान स्थानीय वार्ड पार्षद कैलाश बेहरा एवं अर्चना हुखरे भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। पार्षदों ने विधायक को क्षेत्र में जलभराव, सफाई व्यवस्था और सड़कों से जुड़ी विभिन्न स्थानीय समस्याओं से विस्तार से अवगत कराया, जिसके बाद विधायक ने अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर जल्द से जल्द काम शुरू करने को कहा।
दौरे के अंत में विधायक पुरंदर मिश्रा ने क्षेत्र की जनता को आश्वस्त किया कि रायपुर उत्तर को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाना उनका संकल्प है। आमजन की हर छोटी-बड़ी समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



