रायपुर में सर्वधर्म मिलन की गूँज: ‘एक मंच, अनेक विश्वास’ से गूँजा राष्ट्रीय एकता का संदेश
भारतीय पत्रकार संघ और स्टार वैदिक फाउंडेशन ने बिखेरी सद्भाव की चमक।

रायपुर । राजधानी के सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल में मंगलवार, 7 अप्रैल 2026 को भारतीय पत्रकार संघ एवं स्टार वैदिक वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य ‘सर्वधर्म मिलन समारोह’ संपन्न हुआ। इस गरिमामयी आयोजन ने न केवल धार्मिक सौहार्द की मिसाल पेश की, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे और समरसता की जड़ों को और मजबूत करने का संकल्प भी दोहराया।
कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन संजय शर्मा ने किया, जिन्होंने अपनी वाकपटुता से पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित और जीवंत बनाए रखा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स (महिला विंग) की अध्यक्ष ईला गुप्ता, प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश शर्मा, बृजेश चौबे, संदीप पुराणिक, वर्तमान अध्यक्ष मोहन तिवारी, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु और संयुक्त सचिव भूपेश जांगड़े ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
स्टार वैदिक वेलफेयर फाउंडेशन की अध्यक्ष सैयद सलमा ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की संस्कृति विविधता में एकता की अनूठी मिसाल है। हमें धर्मों की सीमाओं से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करनी चाहिए। वहीं, महासचिव आशा शर्मा ने जोर दिया कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आपसी विश्वास का संचार होता है।
समारोह के दौरान समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसमें ‘दावत-ए-इस्लामी’ (मोहसिन-ए-आजम मिशन) की ओर से बेहतरीन समाज सेवा के लिए मो. शहजाद अत्तारी और मो. कासिम अत्तारी को पुरस्कृत किया गया, जबकि शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय नवाचार के लिए इंडियन पब्लिक स्कूल के सैयद सईद को सम्मान से नवाजा गया। इसी क्रम में समाज सेवा के लिए नवापारा मस्जिद के अल्तमस सिद्दीकी और जमात-ए-इस्लामी के मो. शोहेब भाई के विशेष योगदान को सराहा गया। साथ ही, मोहसिन-ए-आजम मिशन से जुड़े मो. आरिफ, मो. फहीम, अब्दुल आबिद, रफीक तालिब, मो. रौशन, गुलाम हसन रूमी और हाजी मो. जाकिर को भी उनकी निस्वार्थ सेवाओं के लिए मंच पर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार विजय प्रकाश शुक्ला, डॉ. उदयभान सिंह चौहान, लक्ष्मीनारायण लाहोटी, नरेन्द्र पाण्डेय, पी.सी. रथ, सुधीर तम्बोली, प्रदीप दुबे, पी.एन. लकी, हैरी बैरागी, आनंद गुप्ता, अब्दुल समिम और परितोष शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के संरक्षक मो. जीशान ने विशेष अतिथि के रूप में अपनी भूमिका निभाई।
समारोह के समापन पर आयोजकों ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रिया सेन, आशु परवीन और महिला पत्रकारों की सक्रिय भागीदारी रही। अंत में, सभी ने भविष्य में भी ऐसे एकता-परक आयोजनों को जारी रखने का संकल्प लिया।



