फैशन और ग्लैमर का महासंग्राम: ‘सेंट्रल इंडिया सीजन 5’ का भव्य समापन,नमन शुक्ला, शिवांगी, ऋषिका और आव्या-मोक्ष के सिर सजा खिताबी ताज
होटल वुड कैसल में देश भर के 35 हुनरमंदों ने रैंप पर बिखेरा जादू; टीवी स्टार रश्मि गुप्ता और रुबी नागरा की उपस्थिति ने आयोजन में लगाए चार चांद।

रायपुर। राजधानी के वीआईपी मार्ग स्थित प्रतिष्ठित होटल वुड कैसल में फैशन और ग्लैमर का एक अभूतपूर्व रोमांच अपने चरम पर पहुंच कर संपन्न हुआ। ट्रिप्स प्रोडक्शन की दूरदर्शी कर्णधार तृप्ति रॉय चौधरी के संयोजन में आयोजित ‘सेंट्रल इंडिया सीजन 5’ (मिस, मिसेज, मिस्टर और किड्स कैटेगरी) के ग्रैंड फिनाले में देश के कोने-कोने से आए 35 चुनिंदा और प्रतिभाशाली प्रतिभागियों ने रैंप पर अपना जलवा बिखेरा। इस बेहद प्रतिष्ठित शो को और अधिक स्टाइलिश बनाने में ऑफिशियल ड्रेस पार्टनर ‘संस्कृति मेंस एथनिक वियर शोरूम‘ के शानदार और राजसी कलेक्शन ने शो की भव्यता को दोगुना कर दिया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित ‘पुल सूट’ राउंड दर्शकों और फैशन समीक्षकों के बीच मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा।

इस गरिमामयी और हाई-प्रोफाइल समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सौरभ एंटरटेनमेंट के प्रबंध निदेशक (MD) सौरभ शर्मा एवं सुप्रसिद्ध जनप्रनिधि सन्नी अग्रवाल उपस्थित रहे, जिन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। समारोह में चार चांद लगाने मुंबई से विशेष रूप से आईं मशहूर टीवी एक्ट्रेस रश्मि गुप्ता ने बतौर सेलिब्रिटी गेस्ट शिरकत की। वहीं, सेलिब्रिटी शो स्टॉपर रुबी नागरा के साथ-साथ शो स्टॉपर्स श्रुति दुबे और तुषार पाणिग्राही ने अपने शानदार रैंप वॉक से महफिल लूट ली। बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए जसलीन कुल और जैन ने किड्स शो स्टॉपर के रूप में बेहतरीन प्रस्तुति दी। इस पूरे शो के आधिकारिक ब्रांड एंबेसडर ‘नागरा ब्रदर्स’ रहे। महीनों की कठिन मेहनत के बाद प्रियंका शर्मा और प्रियांशु शंकर जैसे अनुभवी ग्रूमर्स की अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग ने प्रतिभागियों को फाइनल मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार किया।
देर रात तक चले बेहद कड़े और रोमांचक मुकाबले के बाद निर्णायकों ने विजेताओं के नामों की घोषणा की।
मिस्टर कैटेगरी (Mister): शानदार प्रदर्शन करते हुए नमन शुक्ला और श्रीजन साहू ने संयुक्त रूप से विनर का खिताब अपने नाम किया, जबकि प्रवीण साहा प्रथम रनरअप और भावेश सिंह बाद्रा द्वितीय रनरअप रहे।

मिस कैटेगरी (Miss): अपनी खूबसूरती और बुद्धिमत्ता का लोहा मनवाते हुए शिवांगी साहू विनर चुनी गईं, वहीं बेबो फर्स्ट रनरअप और भूमिका सिन्हा सेकंड रनरअप घोषित की गईं।
मिसेज कैटेगरी (Missez): विवाहित महिलाओं के इस वर्ग में गरिमा और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए ऋषिका शर्मा ने विजेता का ताज पहना, जबकि स्नेहा आहूजा फर्स्ट रनरअप और ज्योति साहू सेकंड रनरअप रहीं।
किड्स कैटेगरी (Kids): दर्शकों के विशेष आकर्षण का केंद्र रहे नन्हे बच्चों के वर्ग में आव्या श्रीवास्तव और मोक्ष माही साहू ने विनर की ट्रॉफी चूमी। इस वर्ग में देवांश जश्नानी व गुरसिदक सिंह फर्स्ट रनरअप तथा बाकिर मारफानी व मनकीरत सिंह सेकंड रनरअप रहे।
विशेष सम्मान: इसके अतिरिक्त, मिस माया साहू को उनकी असाधारण प्रतिभा के लिए ‘स्पेशल क्राउनिंग विनर’ के विशेष सम्मान से नवाजा गया।

शो की आयोजक तृप्ति रॉय चौधरी ने इस सीजन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए कुशाग्र सोलंकी के साथ-साथ सेटिस्फेक्शन इवेंट्स, एचआरके इवेंट्स, गोल्डन ब्रेड इवेंट्स और कामाख्या इवेंट्स की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया और उनके सराहनीय योगदान की जमकर प्रशंसा की। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने विजेताओं को ट्रॉफी व क्राउन प्रदान कर बधाई दी और ट्रिप्स प्रोडक्शन के इस शानदार प्रयास की सराहना की।




