बकाया टैक्स और गंदगी पर नगर निगम का सर्जिकल स्ट्राइक: घड़ी चौक का ‘होटल अमृतसरी’ सील, 42 दुकानों पर भी तगड़ा एक्शन
: महा-सफाई और अतिक्रमण विरोधी अभियान से हड़कंप, नामी होटल सील, कुल 1.68 लाख की जुर्माना वसूली

रायपुर । रायपुर नगर पालिक निगम ने आज शहर के हृदय स्थल घड़ी चौक के समीप संचालित हो रहे नामी ‘होटल अमृतसरी’ पर अब तक की सबसे बड़ी दंडात्मक कार्रवाई की है। कई वर्षों से निगम का भारी बकाया टैक्स दबाकर बैठे और स्वच्छता मानकों की सरेआम धज्जियां उड़ा रहे इस संस्थान को निगम की टीम ने पूरी तरह से सीलबंद (सील) कर दिया है। इसके साथ ही होटल पर नियमों के उल्लंघन के लिए 1 लाख रुपये का भारी-भरकम जुर्माना भी ठोका गया है।
निगम कमिश्नर संबित मिश्रा के कड़े रुख के बाद जोन-4 के नगर निवेश, स्वास्थ्य, राजस्व और बाजार विभाग ने संयुक्त रूप से इस महा-अभियान को अंजाम दिया। होटल अमृतसरी के खिलाफ लंबे समय से गंभीर जनशिकायतें मिल रही थीं। जब अधिकारियों की टीम ने औचक निरीक्षण किया, तो वहां का नजारा बेहद चौंकाने वाला और अस्वास्थ्यकर था।
जांच के दौरान होटल में चारों तरफ भारी गंदगी पसरी हुई मिली। हद तो तब हो गई जब अधिकारियों ने देखा कि होटल प्रबंधन द्वारा सड़क पर ही अवैध रूप से किचन खोल दिया गया था। सबसे ज्यादा आपत्तिजनक स्थिति यह पाई गई कि बिल्कुल अस्वास्थ्यकर वातावरण में, बाथरूम (शौचालय) से सटाकर मटकों में बिरयानी रखी जा रही थी और खाना पकाया जा रहा था। इससे पूर्व भी नगर निगम द्वारा होटल को कई बार नोटिस जारी कर व्यवस्था सुधारने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन प्रबंधन द्वारा लगातार स्वच्छता की अनदेखी की जा रही थी।
होटल अमृतसरी को सील करने के बाद नगर निगम की टीम ने गोलबाजार और मालवीय रोड सहित जोन-4 के अन्य मुख्य व्यावसायिक क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान सख्त कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बाजारों का मुआयना किया और भारी गंदगी व डस्टबिन का उपयोग न करने पर 17 दुकानों से 18,000 रुपये का जुर्माना वसूला। साथ ही, नगर निवेश विभाग ने भी सड़क पर अवैध रूप से कब्जा कर यातायात बाधित करने वाले 25 दुकानदारों के खिलाफ ‘सड़क बाधा शुल्क’ के तहत कड़ा एक्शन लेते हुए मौके पर ही कुल 50,000 रुपये की जुर्माना वसूली की।
राजस्व और बाजार विभाग की टीम ने सड़क पर सामान निकालकर व्यवसाय करने वाले किराएदारों और दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी। इस दौरान सड़क बाधित कर रहे सामानों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यह अभियान आगे भी बिना रुके लगातार जारी रहेगा।
यातायात को सुगम बनाने और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण देने के उद्देश्य से यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश और निगम कमिश्नर के कुशल मार्गदर्शन में की गई। इस पूरे अभियान में ‘टीम प्रहरी’ की भूमिका बेहद उल्लेखनीय रही।
इस बड़ी कार्रवाई के दौरान उपायुक्त (राजस्व) डॉ. अंजलि शर्मा, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही, जोन-4 कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी, उपअभियंता हिमांशु चंद्राकर, जोन स्वास्थ्य अधिकारी वीरेन्द्र चंद्राकर, और जोन सहायक राजस्व अधिकारी अमरनाथ साहू सहित भारी संख्या में निगम के कर्मचारी और पुलिस बल तैनात रहा।



