रायपुर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक: थार सवार तीन तस्कर 11 लाख के ‘चिट्टा’ के साथ दबोचे गए
35 केस और 58 गिरफ्तारियां: नशे के सौदागरों के खिलाफ रायपुर पुलिस की 'जीरो टॉलरेंस' नीति।

रायपुर । राजधानी के पश्चिम क्षेत्र में नशे के काले कारोबार पर रायपुर पुलिस ने एक और करारा प्रहार किया है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) के मार्गदर्शन में न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस ने एक हाई-प्रोफाइल कार्रवाई करते हुए लग्जरी थार वाहन में हेरोइन (चिट्टा) की तस्करी कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने अमलीडीह स्थित स्टार वैली स्कूल के पास जाल बिछाया। काले रंग की थार (CG 04 QE 9904) में सवार तीन संदिग्धों को जब पुलिस ने घेराबंदी कर रोका और तलाशी ली, तो उनके पास से 18.38 ग्राम घातक ड्रग ‘चिट्टा’ (हेरोइन) बरामद हुई। पुलिस ने मौके से नशीले पदार्थ के साथ ही थार वाहन और 4 महंगे मोबाइल फोन जप्त किए हैं। जप्त किए गए सामान की कुल बाजार कीमत लगभग 11,00,000/- आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रतीक सिंह (छुईखदान), खालिद खान (अमलीडीह) और दीपक कोसरिया (अमलीडीह) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 166/26 के तहत NDPS एक्ट की धारा 21(बी) और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है।
रायपुर पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) ने नशे के खिलाफ जारी अभियान के प्रभावशाली आंकड़े भी साझा किए। रायपुर पुलिस के पश्चिम क्षेत्र में नशे के विरुद्ध जारी इस सघन अभियान के अंतर्गत अब तक की कुल प्रभावी कार्रवाई का ब्यौरा देते हुए पुलिस प्रशासन ने बताया कि विगत तीन महीनों में कानून का शिकंजा तस्करों पर पूरी तरह कसा गया है। आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में कुल 35 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 58 व्यक्तियों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा गया है। थाना स्तर पर की गई कार्रवाई का विवरण देते हुए बताया गया कि न्यू राजेन्द्र नगर में 07 प्रकरणों में 09 व्यक्ति, डीडी नगर में 06 प्रकरणों में 06 व्यक्ति और टिकरापारा में 06 प्रकरणों में 12 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। इसी प्रकार कबीर नगर और मुजगहन थाना क्षेत्र में सबसे अधिक सक्रियता दिखाते हुए 08 प्रकरणों में 17 लोगों पर कार्रवाई की गई, जबकि पुरानी बस्ती और आमानाका क्षेत्र में 07 प्रकरण दर्ज कर 13 तस्करों को दबोचा गया। इसके अतिरिक्त आजाद चौक थाना क्षेत्र में भी 01 प्रकरण के तहत 01 आरोपी को गिरफ्तार कर नशे के नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में एक बड़ी सफलता हासिल की गई है।
पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेजेस खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह नशा कहाँ से लाया गया था और शहर में इसे किसे सप्लाई किया जाना था। इस मामले में जल्द ही कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
पुलिस की अपील: नशे से दूर रहें और अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। आपकी एक सतर्कता समाज को सुरक्षित बना सकती है।



