पुराने विवाद ने ली हिंसक शक्ल, युवक पर जानलेवा हमला
घटना के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मेकाहारा अस्पताल में घायल का उपचार

रायपुर । रजबंधा मैदान क्षेत्र में एक पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दुर्गा कॉलेज के पास मौदहापारा बस्ती निवासी निजामुद्दीन पर उसके परिचित शहीद (उम्र 22 वर्ष) ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। विवाद के दौरान आरोपी ने पास की तरबूज दुकान से चाकू उठाकर निजामुद्दीन के सीने, पीठ और कलाई पर वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही मौदहापारा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल को मेकाहारा अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसकी स्थिति नियंत्रण में कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन थाना मौदहापारा पुलिस और एण्टी क्राईम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में महज दो घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया।
थाना मौदहापारा में आरोपी शेख शहीद पिता शेख वकील (उम्र 19 वर्ष, निवासी मौदहापारा) के विरुद्ध अपराध क्रमांक 77/26 धारा 296, 109 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



