रायपुर पश्चिम में विकास की नई इबारत,782.21 लाख के जन-उपयोगी कार्यों का हुआ भूमिपूजन
महादेव घाट–रायपुरा और माधव राव सप्रे वार्ड की बदलेगी सूरत; अंदरूनी सड़कों का होगा कायाकल्प, नागरिकों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं ।

रायपुर । रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र को विकास के पथ पर तेजी से आगे ले जाने की दिशा में आज एक बड़ा कदम उठाया गया है। क्षेत्र के अंतर्गत महादेव घाट–रायपुरा और माधव राव सप्रे वार्ड में कुल 782.21 लाख (7.82 करोड़ से अधिक) की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। इस मेगा प्रोजेक्ट के शुरू होने से क्षेत्र की आंतरिक अधोसंरचना मजबूत होगी और स्थानीय निवासियों को सुगम आवागमन समेत बेहतरीन नागरिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
भव्य भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर पश्चिम के विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मुणत और रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इसके अलावा स्थानीय पार्षद, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और भारी संख्या में क्षेत्रवासी इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, स्वीकृत बजट में से अकेले महादेव घाट–रायपुरा क्षेत्र में 671.62 लाख की भारी-भरकम राशि से आंतरिक चतुर्दिक (चारों ओर) सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, माधव राव सप्रे वार्ड क्रमांक 69 में 110.59 लाख की लागत से अन्य आवश्यक बुनियादी विकास कार्य किए जाएंगे। लंबे समय से इन विकास कार्यों की राह देख रहे स्थानीय नागरिकों में आज भारी उत्साह देखा गया।
इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक राजेश मुणत ने कहा कि रायपुर पश्चिम का सर्वांगीण विकास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमारे लिए विकास का मतलब सिर्फ ईंट-पत्थर का ढांचा खड़ा करना नहीं, बल्कि आम जनता के जीवन को सुगम, सुरक्षित और सम्मानजनक बनाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनका लक्ष्य केवल घोषणाएं करना नहीं है, बल्कि हर काम को तय समय-सीमा, पूर्ण पारदर्शिता और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कर जनता को सौंपना है।
विधायक मूणत ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संवेदनशील नेतृत्व और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के त्वरित सहयोग के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सकारात्मक दृष्टिकोण के कारण ही रायपुर पश्चिम के प्रस्तावों को बिना किसी अड़चन के तत्काल मंजूरी मिल रही है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि रायपुर महापौर मीनल चौबे ने कहा कि नगर निगम रायपुर शहर के संतुलित और योजनाबद्ध विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विधायक राजेश मुणत के लगातार प्रयासों से यह बड़ी राशि स्वीकृत हुई है, जिसका सीधा लाभ जनता को मिलेगा। उन्होंने मंच से ही विभागीय अधिकारियों को दो टूक हिदायत दी कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और काम तय वक्त के भीतर ही पूरा करना होगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और मातृशक्ति ने प्रदेश सरकार व स्थानीय नेतृत्व का आभार जताया। इसके तुरंत बाद विधायक और महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण स्थल का निरीक्षण कर तत्काल काम शुरू करने के कड़े निर्देश दिए।



