रायपुर में ई-रिक्शा और ऑटो चालकों के लिए बड़ी पहल,आज से लगेगा निःशुल्क QR कोड
यातायात पुलिस ने थाना प्रभारियों और QRT टीम को दी ट्रेनिंग, 7 दिनों में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश।

रायपुर । राजधानी रायपुर की सड़कों पर ई-रिक्शा और ऑटो का सफर अब अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित होने जा रहा है। रायपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आज यातायात मुख्यालय, कालीबाड़ी में एक उच्च स्तरीय बैठक और प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शाम 4:00 से 5:00 बजे तक चले इस सत्र में शहर के समस्त यातायात थाना प्रभारियों, उनके स्टाफ और क्यूआरटी (Quick Response Team) के सदस्यों को क्यूआर कोड चस्पा करने की बारीकियों से अवगत कराया गया।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) विवेक शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) दौलत राम पोर्ते सहित सहायक पुलिस आयुक्त सतीष कुमार ठाकुर, गुरजीत सिंह और सीमा अहिरवार भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
बैठक के दौरान सभी थाना प्रभारियों को उनके क्षेत्र के अनुसार क्यूआर कोड वितरित किए गए। अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि कल, 1 जुलाई से शुरू हो रहे इस महाअभियान के तहत अगले 7 दिनों के भीतर सभी पंजीकृत ई-रिक्शा और ऑटो में अनिवार्य रूप से और निःशुल्क क्यूआर कोड लगाने की कार्यवाही पूरी की जाए।
प्रशिक्षण सत्र में पुलिस बल को क्यूआर कोड चस्पा करने की संपूर्ण प्रक्रिया, निर्धारित मानकों और सुरक्षा शर्तों की जानकारी दी गई। टीम को सिखाया गया कि कैसे क्यूआर कोड को स्कैन कर चालक का पूरा डेटा वेरीफाई करना है और वाहन के निर्धारित स्थान पर इसे सुरक्षित तरीके से चस्पा करना है। पुलिस के मुताबिक, इस पहल से न केवल चालकों का व्यवस्थित डेटाबेस तैयार होगा, बल्कि यातायात प्रबंधन सुदृढ़ होने के साथ-साथ आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकेगी।
यातायात पुलिस रायपुर ने समस्त ई-रिक्शा और ऑटो चालकों से इस जनहितैषी मुहिम में सहयोग की अपील की है। पुलिस प्रशासन के अनुसार, जिन चालकों का पंजीयन पहले ही हो चुका है, उन्हें यातायात विभाग के अधिकारियों द्वारा फोन कर संबंधित थाने में बुलाया जाएगा। चालक अपने वाहन के साथ तय समय पर वहां पहुंचें, जहां पुलिस टीम वाहन नंबर का मिलान कर निःशुल्क क्यूआर कोड चस्पा करेगी।



