आरंग में ‘आत्मनिर्भर भारत’ का शंखनाद: विधायक अनुज शर्मा ने स्वावलंबन के विचार को किया मजबूत
'लोकल फॉर वोकल' को जन-जन तक पहुंचाएंगे: विधायक अनुज शर्मा ने आरंग में लिया आत्मनिर्भर भारत का संकल्प

आरंग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी विचार ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से, आज विधानसभा आरंग में विधानसभा स्तरीय आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की और कार्यकर्ताओं तथा उपस्थित जनता के बीच नई ऊर्जा का संचार किया।
स्वावलंबन राष्ट्र की आवश्यकता: विधायक अनुज शर्मा
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने ‘आत्मनिर्भर भारत’ की अवधारणा को विस्तार से समझाते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत एक ऐसा विचार है जो भारत को आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी रूप से स्वावलंबी बनाने का संकल्प है। आत्मनिर्भरता का अर्थ है कि एक राष्ट्र अपनी आवश्यकताओं को स्वयं पूरा करने में सक्षम हो और बाहरी सहायता पर निर्भर न रहे।
उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत जैसे विशाल और विविधता से भरे देश के लिए यह अत्यंत महत्वपूर्ण है कि हम अपनी जरूरतों को स्वयं पूरा करने का प्रयास करें। उन्होंने स्मरण कराया कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने 2020 में कोविड-19 महामारी के दौरान इस अभियान की शुरुआत की थी, जिसका मुख्य उद्देश्य देश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना था, ताकि भविष्य में किसी भी संकट का सामना किया जा सके।
’लोकल फॉर वोकल’ से विकसित भारत तक का सफर
विधायक शर्मा ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत सरकार ने कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, रक्षा और उद्योग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सुधार लाने के लिए कई नीतिगत निर्णय लिए हैं। उन्होंने ‘लोकल फॉर वोकल’ के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि हमें देश में बने उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए और उन्हें वैश्विक बाजार में ले जाने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी जी के दृष्टिकोण को स्पष्ट करते हुए कहा कि भारत जब आत्मनिर्भरता की बात करता है, तो आत्मकेंद्रित व्यवस्था की वकालत नहीं करता, बल्कि दुनिया के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए उसकी मदद करना चाहता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया कि प्रधानमंत्री मोदी जी का 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने का जो संकल्प है, उसे जन-जन तक पहुंचाना ही उनका प्रमुख लक्ष्य है।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा सहित धरसींवा और आरंग विधानसभा के कार्यकर्तागण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिन्होंने ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को साकार करने की प्रतिबद्धता जताई।



