पांडातराई की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी: विधायक भावना बोहरा ने जनता को समर्पित किया नया उप तहसील भवन
लंबी दूरी की समस्या खत्म, पंडरिया विधायक के प्रयासों से स्थानीय स्तर पर मिलेगा त्वरित और पारदर्शी समाधान


पांडातराई। पंडरिया विधायक भावना बोहरा के अथक प्रयासों से पांडातराई नगर की जनता की एक बहुप्रतीक्षित मांग आज पूरी हो गई है। विधायक भावना बोहरा ने मंगलवार को पांडातराई हाई स्कूल मैदान के पास नए उप तहसील भवन का विधिवत शुभारंभ कर इसे जनता की सेवा में समर्पित किया। इस नई सौगात से अब नगर और आस-पास के क्षेत्र में निवासरत परिवारों को भू-राजस्व और विभिन्न आवश्यक कार्यों के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि उनके गाँव के समीप ही सभी समस्याओं का त्वरित समाधान मिलेगा।
विधायक बोहरा ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा का आभार व्यक्त किया और क्षेत्रवासियों को बधाई दी।
प्रशासन को जनता के करीब लाएगा यह ‘मील का पत्थर’
इस अवसर पर बोलते हुए भावना बोहरा ने उप तहसील की स्थापना को क्षेत्र के लिए ‘एक मील का पत्थर’ बताया। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा केंद्र है जो प्रशासन को जनता के और करीब लाता है। पहले, जमीन के दस्तावेज, रजिस्ट्री, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, या अन्य सरकारी सेवाओं के लिए क्षेत्रवासियों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे समय, धन और ऊर्जा की बर्बादी होती थी।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अब, इस उप तहसील के खुलने से ये सभी सेवाएँ आपके अपने क्षेत्र में, आपके द्वार पर उपलब्ध होंगी। यह हमारे क्षेत्र के विकास, सुशासन, और जनता की सुविधा के प्रति हमारी सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
विधायक ने विशेष रूप से महिलाओं और बुजुर्गों की सुविधा का उल्लेख किया, जो लंबी यात्रा करने में असमर्थ होते हैं। उन्होंने कहा कि उप तहसील के खुलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय बाजार तथा छोटे व्यापारियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
‘यह केवल एक कार्यालय नहीं, बल्कि एक सेतु है’
भावना बोहरा ने स्पष्ट किया कि “यह उप तहसील केवल एक कार्यालय नहीं है, बल्कि यह सरकार और जनता के बीच एक सेतु है।” उन्होंने कहा कि यहां न केवल प्रशासनिक सेवाएँ मिलेंगी, बल्कि जनता की समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को भी सुना जाएगा।
उन्होंने आगे कहा, “हमारा लक्ष्य है कि यह उप तहसील एक ऐसी जगह बने, जहाँ हर व्यक्ति को सम्मान, सुविधा, और समाधान मिले। विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, यह हमारी सरकार का संकल्प है। हम सुनिश्चित करेंगे कि यहाँ कार्यरत कर्मचारी जनता की सेवा में तत्पर रहें और हर समस्या का समाधान त्वरित और प्रभावी ढंग से हो।”
किसानों को मिलेगा सर्वाधिक लाभ
विधायक बोहरा ने बताया कि उप तहसील की स्थापना से किसानों को सबसे ज्यादा लाभ मिलेगा। यहां खसरा, खतौनी और नक्शा, जमीन का बँटवारा, नामांतरण, जमाबंदी, लगान और राजस्व वसूली, ऋण मुक्ति प्रमाण पत्र जैसे कार्य सुचारू रूप से होंगे। यह स्थानीय स्तर पर भूमि विवाद और सरकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं को हल करने में मदद करेगा, जिससे प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और डिजिटल सेवाओं के उपयोग से कार्य तेजी से और पारदर्शी ढंग से होंगे, जिससे भ्रष्टाचार की संभावना कम होगी।
इस अवसर पर नगर पंचायत पांडातराई की अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, समस्त पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठजन, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।