धरसींवा के विकास को मिलेगी नई रफ्तार: 21 नवंबर से विधायक अनुज शर्मा की ऐतिहासिक ‘सेवा संवाद यात्रा’, सीएम विष्णुदेव साय दिखाएंगे हरी झंडी
जनता के परिवार के सदस्य बनकर गाँवों में ही रुकेंगे विधायक अनुज शर्मा, विकास कार्यों की समीक्षा और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का लक्ष्य

रायपुर । जनता की समस्याओं को केवल सुनने तक सीमित न रहकर, सीधे उनके घर की दहलीज पर जाकर त्वरित समाधान करने के दृढ़ संकल्प के साथ धरसींवा विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा एक ऐतिहासिक जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं। आगामी 21 नवंबर से 18 दिसंबर 2026 तक विधानसभा क्षेत्र में 28 दिवसीय भव्य ‘सेवा संवाद यात्रा’ निकाली जाएगी। जनसेवा के इस महाअभियान का विधिवत शंखनाद 21 नवंबर को प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा।
इस व्यापक अभियान की संपूर्ण रूपरेखा साझा करने के लिए आज ‘सेवा सदन’ में एक विशेष पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने विधानसभा क्षेत्र एवं राजधानी रायपुर से पधारे सभी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के पत्रकारों तथा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें पर्वों की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
144 गाँवों की दहलीज पर दस्तक और जनचौपाल
पत्रकारों को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने ओजस्वी स्वर में कहा कि ‘सेवा संवाद यात्रा’ महज एक औपचारिक राजनीतिक दौरा नहीं, बल्कि जनता के साथ सीधा और आत्मीय संवाद स्थापित कर उनकी आकांक्षाओं को धरातल पर उतारने का एक महाअभियान है। इस 28 दिवसीय सघन यात्रा के दौरान वे विधानसभा क्षेत्र के सभी 144 गाँवों में पहुँचेंगे। प्रत्येक गाँव में जनचौपाल लगाकर और घर-घर दस्तक देकर वे ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं को सीधे सुनेंगे। यात्रा का मुख्य ध्येय स्थानीय समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निराकरण करना और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचाना है।
वीआईपी व्यवस्था से दूर, ग्रामीणों के घर भोजन और रात्रि विश्राम
इस यात्रा की सबसे अनूठी और प्रेरक विशेषता विधायक की सादगी और जनता से उनका सीधा जुड़ाव होगी। पूरे एक महीने तक विधायक अनुज शर्मा किसी भी प्रकार की विशेष या वीआईपी व्यवस्था से दूर रहकर, एक परिवार के सदस्य की तरह क्षेत्र की जनता के बीच रहेंगे। वे ग्रामीणों के घरों में ही उन्हीं के साथ बैठकर सादगीपूर्ण भोजन (सहभोज) करेंगे और गाँवों में ही रात्रि विश्राम कर विकास कार्यों की जमीनी हकीकत व आम आदमी की तकलीफों को करीब से महसूस करेंगे।
विधायक शर्मा ने भावुक और संकल्पित स्वर में कहा कि धरसींवा विधानसभा मेरा परिवार है और यहाँ के हर एक नागरिक की सेवा करना मेरा सर्वोपरि कर्तव्य है। हमारी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र के साथ आम जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है। क्षेत्र के चहुँमुखी विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी सुविधाओं और रोज़गार के अवसरों को बढ़ाने तथा डबल इंजन सरकार की नीतियों के अनुरूप अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाने के लिए हमारी पूरी टीम निष्ठा और समर्पण भाव से तत्पर है।
यात्रा प्रभारियों की बैठक में बनी अचूक रणनीति
पत्रकार वार्ता के पश्चात सेवा सदन में ही ‘सेवा संवाद यात्रा’ के सफल और सुचारू संचालन हेतु सभी यात्रा प्रभारियों एवं प्रमुख पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक अनुज शर्मा ने यात्रा के रूट चार्ट, प्रतिदिन के प्रवास कार्यक्रम, विभिन्न गाँवों में होने वाली जनचौपाल, स्वागत व भोजन व्यवस्था तथा प्रशासनिक समन्वय जैसे अहम बिंदुओं पर गहन मंथन किया। उन्होंने सभी प्रभारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि यात्रा का उद्देश्य जनता को राहत पहुँचाना और क्षेत्र के विकास को नई गति देना है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त होनी चाहिए।
कार्यक्रम में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा के साथ यात्रा प्रभारी अरविंद ठाकुर, चंद्रशेखर शुक्ला, कृष्ण कुमार वर्मा, नरेंद्र ठाकुर, रूखमनी वर्मा, शिवशंकर वर्मा, राजीव अग्रवाल, संदीप यदु, सरोज चंद्रवंशी, दिनेश खूँटे, टिकेश्वर मनहरे, सुरेन्द्र वर्मा, गोविंद साहू, सुनीता अनिल सोनी, रॉबिन साहू, पिंटू साहू, रश्मि वर्मा, बी.आर. गौतम, गोपेश साहू, मिथलेश वर्मा, निहाल सिंह वर्मा, अमरीका वर्मा, अश्वनी वर्मा, नत्थू यदु, सुमित सेन, रामखिलावन वर्मा, सोहन धीवर, तेजराम पाल, सूरज सोनी, विकास ठाकुर सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, बड़ी संख्या में पत्रकारगण, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


