दीपावली पर सुरक्षा से समझौता नहीं: रायपुर में पटाखा कारोबारियों के लिए पुलिस ने जारी किए कड़े दिशा-निर्देश
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा ने ली कारोबारियों की बैठक,नगर निगम और अग्निशमन विभाग के अधिकारी भी रहे मौजूद।

रायपुर । आगामी दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त बनाने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। डीसीपी (पश्चिम-क्षेत्र) के निर्देश पर सिविल लाइन स्थित सी/04 भवन के सभाकक्ष में पश्चिम क्षेत्र एवं ऐतिहासिक ईदगाहभाठा मैदान में पटाखा दुकान लगाने वाले व्यवसायियों की एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) श्री राहुल देव शर्मा ने की, जिसमें अग्निशमन और नगर निगम विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
बैठक के दौरान पुलिस व प्रशासन ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट किया कि त्योहार की आड़ में सुरक्षा मानकों की अनदेखी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। व्यवसायियों को निर्देशित किया गया कि वे केवल प्रशासन द्वारा चिन्हांकित एवं अधिकृत स्थानों पर ही दुकानें लगाएं। आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर बरती गई लापरवाही गंभीर कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकती है।
बैठक में तय किया गया कि प्रत्येक पटाखा दुकान पर चालू हालत में अग्निशामक यंत्र (Fire Extinguishers) और रेत-पानी से भरी बाल्टियों की व्यवस्था अनिवार्य होगी। इसके अलावा, दुकानों के बीच निर्धारित सुरक्षित दूरी बनाए रखना होगा, ताकि आपात स्थिति में आवागमन बाधित न हो। व्यवसायियों को अनुमति प्राप्त सीमा से अधिक बारूद या पटाखों का भंडारण न करने की हिदायत दी गई है।
प्रशासन ने निर्देश दिया कि पटाखा बाजार क्षेत्र में किसी भी तरह की खुली आग, बीड़ी-सिगरेट या ज्वलनशील वस्तुओं का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही, दुकानदारों को अपने आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के साथ सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल, आजाद चौक थाना प्रभारी अर्चना धुरंधर, अग्निशमन निरीक्षक लीलेश्वर सिंह तथा नगर निगम के अधिकारी, पुलिस बल और बड़ी संख्या में पटाखा कारोबारी उपस्थित रहे।


