वीआईपी चौक पर बिना नंबर प्लेट की बाइक रोकने पर बड़ा खुलासा, गरियाबंद से चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद
: नंबर प्लेट देखकर हुआ संदेह, मोबाइल सत्यापन और चेचिस नंबर से बेनकाब हुई चोरी ।

रायपुर। राजधानी रायपुर के राम मंदिर वीआईपी चौक पर यातायात व्यवस्था संभाल रही QRT-1 (क्विक रिस्पांस टीम) की सजगता और तकनीकी जांच से चोरी की एक मोटरसाइकिल का सफल खुलासा हुआ है। ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी की बाइक को जब्त कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही हेतु संबंधित थाने को सुपुर्द कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार शाम लगभग 5:00 बजे QRT-1 में तैनात यातायात तेलीबांधा के प्रधान आरक्षक रामूराम महिलांगे (क्र. 1692) एवं आरक्षक संजय नेताम (क्र. 1237) राम मंदिर वीआईपी चौक पर ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान लभांडी सर्विस रोड की तरफ से एक ही मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग चौक पहुंचे। वाहन के आगे की नंबर प्लेट के अंतिम चार अंक मुड़े हुए थे और पीछे नंबर प्लेट गायब थी। संदिग्ध स्थिति देखकर जवानों ने तत्काल बाइक रुकवाकर पूछताछ की, लेकिन चालक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
संदेह गहराने पर यातायात कर्मियों ने अपने मोबाइल डिवाइस से वाहन पंजीयन का सत्यापन किया। शुरुआत में वाहन (CG 23 K 5753) का मालिक गणेश साहू नाम के व्यक्ति के रूप में दर्ज मिला। जब पुलिस ने गणेश साहू से संपर्क किया, तो उसने बताया कि उसकी बाइक फिंगेश्वर स्थित घर पर सुरक्षित खड़ी है, जिसकी पुष्टि उसने फोटो और आरसी बुक भेजकर की।
इसके बाद जवानों ने सतर्कता बरतते हुए वाहन के चेचिस नंबर का मिलान किया, जिससे वास्तविक वाहन स्वामी रोहित कुमार यादव (निवासी पंडरीपानी, थाना छुरा, जिला गरियाबंद) का पता चला। रोहित यादव से संपर्क करने पर उसने बताया कि यह मोटरसाइकिल फरवरी 2025 में चोरी हो गई थी।
रायपुर यातायात पुलिस द्वारा गरियाबंद जिले के थाना फिंगेश्वर से त्वरित संपर्क कर जानकारी जुटाई गई, जहां उक्त वाहन की चोरी की प्राथमिकी (FIR) दर्ज होना प्रमाणित हुआ। इसके उपरांत आवश्यक वैधानिक कार्यवाही हेतु वाहन को संबंधित थाने के सुपुर्द कर दिया गया।
यातायात व्यवस्था के साथ-साथ मुस्तैदी और तकनीकी दक्षता का परिचय देने वाले QRT-1 के जवानों की इस सजगता की पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने सराहना की है।



