विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने भीषण गर्मी को देखते हुए जारी की स्वास्थ्य एडवायजरी , बोले-दोपहर 12 से 4 बजे तक घरों में रहें सुरक्षित
बढ़ते तापमान के बीच विधायक डॉ. संपत अग्रवाल की जनता से अपील,आपकी सतर्कता ही इस मौसम में सबसे बड़ा सुरक्षा कवच


बसना। प्रदेश में लगातार बढ़ रहे तापमान और रिकॉर्ड तोड़ भीषण गर्मी को देखते हुए जन सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए बसना विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने जनहित में एक आवश्यक सूचना और स्वास्थ्य एडवायजरी जारी की है। विधायक डॉ. अग्रवाल ने क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश के नागरिकों से अपील की है कि वे इस जानलेवा गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच अपने स्वास्थ्य और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने विशेष रूप से ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि वर्तमान में चल रही अत्यधिक गर्मी, लू (Heat Wave) और डिहाइड्रेशन (शरीर में पानी की कमी) की स्थिति बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं तथा धूप में बाहर रहकर कार्य करने वाले श्रमिक साथियों के लिए बेहद गंभीर खतरा बन सकती है। उन्होंने इन वर्गों के प्रति परिजनों और समाज को अधिक जिम्मेदार और सतर्क रहने को कहा है।
बढ़ते पारे और जानलेवा लू से सुरक्षित रहने के लिए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने नागरिकों को कड़े सुरक्षात्मक उपाय अपनाने की सलाह दी है। उन्होंने मुख्य रूप से निर्देशित किया है कि सभी नागरिक बिना किसी अति-आवश्यक कार्य के दोपहर 12:00 बजे से लेकर शाम 4:00 बजे के बीच घरों से बाहर निकलने से पूरी तरह बचें, क्योंकि यह समय धूप और हीट वेव के लिहाज से सबसे ज्यादा खतरनाक होता है। इसके साथ ही, उन्होंने शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) को रोकने के लिए निरंतर पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस घोल, नींबू पानी या घर के बने पारंपरिक तरल पदार्थों का सेवन करने और गर्मी के प्रभाव को कम करने के लिए हमेशा हल्के रंग के सूती (कॉटन) कपड़ों का ही उपयोग करने की बात कही है।
अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा के साथ-साथ विधायक डॉ. अग्रवाल ने इस कठिन मौसम में सामाजिक और मानवीय दायित्वों को निभाने पर भी विशेष जोर दिया है। उन्होंने जनता से भावुक अपील करते हुए कहा है कि अपने घरों, दुकानों और मोहल्लों के आसपास से गुजरने वाले असहाय राहगीरों और जरूरतमंद लोगों के लिए शीतल जल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही, इस भीषण गर्मी में बेजुबान और मूक पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्होंने क्षेत्रवासियों से छतों, आंगन और सार्वजनिक स्थानों पर पानी के पात्र (बर्तन) अनिवार्य रूप से रखने का आग्रह किया है, ताकि कोई भी जीव प्यास से दम न तोड़े।
विधायक डॉ अग्रवाल ने आगे कहा कि आपकी सतर्कता और सहयोग ही इस भीषण गर्मी में सुरक्षा का सबसे बड़ा माध्यम है। इस मौसम में खुद को सुरक्षित रखें और दूसरों की मदद के लिए हाथ बढ़ाएं।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने क्षेत्र की जनता को आश्वस्त किया है कि प्रशासन मुस्तैद है। यदि किसी भी नागरिक को चक्कर आना, अत्यधिक उल्टी-दस्त, तेज बुखार या बेहोशी जैसे लू के लक्षण दिखाई दें, तो वे बिना किसी लापरवाही के तत्काल अपने नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र या प्रशासनिक सहायता टीम से संपर्क कर उपचार लें।



