छालीवुड महानायक व विधायक अनुज शर्मा का 50वां जन्मदिन: मुख्यमंत्री साय की मौजूदगी में उमड़ा जनसैलाब, पत्रकारों का हुआ विशेष सम्मान
धरसींवा की माटी ने मुझे कलाकार से 'बेटा' और 'भाई' बनाया, आखिरी सांस तक करूंगा जनसेवा: अनुज शर्मा


रायपुर । छत्तीसगढ़ी माटी के सपूत, छालीवुड फिल्म इंडस्ट्री के युगपुरुष और पद्मश्री से सम्मानित क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा का 50वां जन्मदिन एक ऐतिहासिक सेवा संकल्प और कृतज्ञता पर्व के रूप में मनाया गया। जीवन के इस स्वर्णिम पड़ाव पर विधायक अनुज शर्मा ने अपनी कला यात्रा के भी गौरवशाली 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस दोहरे और ऐतिहासिक अवसर को किसी चकाचौंध भरे जश्न के बजाय पूरी तरह सामाजिक सरोकार, जनसेवा और लोकतंत्र के सजग प्रहरियों के सम्मान को समर्पित किया गया।
राजधानी रायपुर के समीप आयोजित इस गरिमामयी और भव्य समारोह में प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने विधायक अनुज शर्मा को उनके 50वें जन्मदिन और रजत जयंती कला यात्रा की बधाई देते हुए उनके दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधायक अनुज शर्मा की राजनीतिक और सामाजिक कार्यशैली की मुक्तकंठ से सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुज केवल रुपहले पर्दे के ही नहीं, बल्कि सही मायनों में जनता के असली महानायक हैं। आज जिस तरह उनके विकास कार्यों से प्रभावित होकर क्षेत्र में जनसैलाब उमड़ा है, वह इस बात का प्रमाण है कि धरसींवा में विकास की नई बयार बह रही है। एक विधायक के रूप में उन्होंने क्षेत्र की तस्वीर बदली है और संगठन को अभूतपूर्व मजबूती दी है। छत्तीसगढ़ी संस्कृति और माटी की खुशबू को विश्व पटल पर ले जाने का उनका यह प्रयास अद्भुत है।
समारोह में सामाजिक सरोकार की एक अनूठी और अनुकरणीय मिसाल तब देखने को मिली, जब विधायक अनुज शर्मा ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ यानी मीडिया जगत के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश और स्थानीय स्तर के वरिष्ठ पत्रकारों, छायाकारों और मीडियाकर्मियों का मंच पर विशेष रूप पारंपरिक शॉल, श्रीफल (नारियल) और सम्मान राशि का लिफाफा भेंट कर सम्मान किया। अनुज शर्मा ने कहा कि एक कलाकार से लेकर एक राजनेता बनने के मेरे इस 25 वर्षों के सफर में छत्तीसगढ़ के मीडिया जगत का बहुत बड़ा और सकारात्मक योगदान रहा है, जिसके लिए वे सदैव ऋणी रहेंगे।
मुख्यमंत्री और क्षेत्र की जनता का आभार जताते हुए महानायक एवं विधायक अनुज शर्मा बेहद भावुक हो गए। उन्होंने नम आंखों से जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि आज मेरे पास शब्द कम हैं और भावनाएं बहुत ज्यादा हैं। लोग कहते हैं कि मैंने आज जीवन का आधा शतक पूरा कर लिया है, लेकिन मुझे ये 50 साल, साल नहीं लगते, ये तो आप सबके आशीर्वाद की वो अनगिनत बूंदें हैं, जिनसे आज अनुज शर्मा नाम का यह सागर बना है। ‘मोर छइयाँ भुइयाँ’ से लेकर आज तक आपने मुझे कलाकार के रूप में सिर आंखों पर बिठाया, लेकिन धरसींवा की इस पावन माटी ने मुझे कलाकार से ऊपर उठाकर इस क्षेत्र का ‘बेटा’ और ‘भाई’ बना दिया है। मैं अपनी यह सफलता छत्तीसगढ़ महतारी के चरणों में समर्पित करता हूं और वादा करता हूं कि जब तक मेरी आखिरी सांस है, मैं अपनी कला से राज्य की संस्कृति का मान बढ़ाता रहूँगा और अपने कर्मों से धरसीँवा की सेवा करता रहूँगा।
इस ऐतिहासिक अवसर को और अधिक यादगार बनाने के लिए विधायक अनुज शर्मा के जीवन, कड़े संघर्ष और जनसेवा की प्रेरक यात्रा पर आधारित एक विशेष शॉर्ट फिल्म ‘महानायक’ का वीडियो लॉन्च किया गया। इसके साथ ही, दर्शकों की बहुप्रतीक्षित और बहुचर्चित छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘सुहाग’ को भी आधिकारिक तौर पर ओटीटी (OTT) प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया, जिसे उपस्थित जनसमुदाय और प्रशंसकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा। जैसे ही अनुज शर्मा मंच पर पहुंचे, पूरा सभागार “हमर हीरो न.1” के गूंजते नारों से जीवंत हो उठा।
पद्मश्री विधायक अनुज शर्मा के 50वें जन्मदिन के ऐतिहासिक अवसर पर ‘अनुज फैंस क्लब’ और विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के माध्यम से कई अभूतपूर्व लोक-कल्याणकारी कार्य संपन्न हुए। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र को बड़ी सौगात देते हुए, कक्षा 12वीं की प्रावीण्य सूची में पूरे प्रदेश में पांचवा स्थान प्राप्त करने वाली होनहार छात्रा कु. हेमलता साहू का मंच पर विशेष सम्मान किया गया। विधायक अनुज शर्मा की अनूठी पहल पर प्रसिद्ध औद्योगिक संस्थान सारडा एनर्जी ने हेमलता की आगे की पूरी पढ़ाई का खर्च उठाने की जिम्मेदारी ली है। इसके साथ ही, क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से सारडा एनर्जी के सौजन्य से 10.00 लाख मूल्य की अत्याधुनिक सोनोग्राफी मशीन स्थानीय अस्पताल को समर्पित की गई।
सामाजिक सरोकार और कृतज्ञता की इसी कड़ी में क्षेत्र की प्रतिभाओं, दिव्यांगों और बुजुर्गों को भी मंच से संबल प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान धरसींवा क्षेत्र के 63 मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत किया गया, तो वहीं 10 से अधिक दिव्यांगजनों को समाज में सुगमता से जीवन जीने के लिए आवश्यक सहायक सामग्री जैसे ट्राइसाइकिल और व्हीलचेयर का वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त, समाज निर्माण में अपना अमूल्य जीवन समर्पित करने वाले 60 से अधिक विभिन्न समाजों के प्रमुखों एवं वरिष्ठजनों का शॉल-श्रीफल भेंटकर भावभीना नागरिक अभिनंदन किया गया।
विधायक अनुज शर्मा की जनसेवा और विकासपरक सोच का असर कार्यक्रम में साफ तौर पर एक बड़े राजनीतिक परिवर्तन के रूप में देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की गरिमामयी उपस्थिति में क्षेत्र के 60 सरपंचों सहित 250 से अधिक सक्रिय राजनेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस व अन्य दलों का दामन छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कर ली। मुख्यमंत्री और विधायक अनुज शर्मा ने सभी को भाजपा का गमछा पहनाकर पार्टी परिवार में आत्मीय स्वागत किया।
इस भव्य समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक रोहित साहू,बसना विधायक संपत अग्रवाल, वरिष्ठ नेता अनुराग सिंह देव, विधायक सुनील सोनी, नारायण चंदेल, राजेश मूणत, संदीप साहू, देवेंद्र यादव, प्रसिद्ध कलाकार मोना सेन सहित राजनीतिक, सामाजिक और छालीवुड फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकारों ने शिरकत की और अपने चहेते नेता व सहकर्मी को बधाई दी।



