रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कमल विहार से बुलेट चोरी करने वाले दो आरोपी रंगेहाथ गिरफ्तार
टिकरापारा पुलिस को मिली बड़ी सफलता: बुलेट चोरी के चंद घंटों के भीतर दबोचे गए दो शातिर चोर।

रायपुर । राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कमल विहार (कौशल्या माता विहार) में हुई बुलेट चोरी की वारदात को पुलिस ने सुलझा लिया है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना टिकरापारा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी योगेश कुमार बांदे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके मित्र हरीशचंद्र बंजारे द्वारा उपयोग की जा रही बुलेट (CG 04 NW 1420), जो कमल विहार सेक्टर 04 की पार्किंग में खड़ी थी, 17 अप्रैल को चोरी हो गई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 और 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 325/2026 पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के निर्देश पर थाना प्रभारी टिकरापारा, निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिरों के जाल और तकनीकी साक्ष्यों (CCTV) की मदद से संदिग्धों की पहचान की।
घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी ऋषि शुक्ला (20 वर्ष) और रोहितेश चंद्राकर (22 वर्ष), दोनों निवासी सेक्टर 11 कमल विहार, को रंगेहाथ पकड़ा। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने जुर्म स्वीकार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की गई 50,000 मूल्य की बुलेट जब्त कर ली गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। सहायक पुलिस आयुक्त श्री नवनीत पाटित ने बताया कि शहर में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पेट्रोलिंग और पुराने अपराधियों की निगरानी तेज कर दी गई है। इस पूरी कार्रवाई में थाना टिकरापारा पुलिस की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही।
जप्त मशरूका: बुलेट (CG 04 NW 1420), कीमती लगभग 50,000।



