चोरभट्ठी खार में चल रहा था दांव-पेच का खेल: खरोरा में जुए की फड़ पर दबिश, 6 आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद और रायपुर के जुआरी गिरफ्तार,छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत मामला दर्ज।

रायपुर । होली के आगामी त्योहार को देखते हुए रायपुर पुलिस प्रशासन असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में रायपुर (ग्रामीण) पुलिस ने जुए के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना खरोरा पुलिस ने ग्राम चोरभट्ठी खार क्षेत्र में चल रहे जुए के अड्डे पर दबिश देकर 6 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 02 मार्च 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चोरभट्ठी खार स्थित सार्वजनिक स्थल पर कुछ लोग ताश की पत्तियों पर पैसे का दांव लगाकर हार-जीत का खेल खेल रहे हैं। सूचना की तस्दीक हेतु अनुविभागीय अधिकारी (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण एवं थाना प्रभारी खरोरा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर मौके पर रवाना की गई। पुलिस टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए घेराबंदी की और मौके से 6 जुआरियों को धर दबोचा।
पुलिस ने आरोपियों के संयुक्त कब्जे और फड़ से कुल 14,500 रुपये (चौदह हजार पांच सौ रुपये) नकद, 52 पत्ती ताश और बैठने के लिए उपयोग की गई प्लास्टिक की बोरी जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों में महासमुंद और रायपुर जिले के निवासी शामिल हैं:
- सुशील चेलक (24 वर्ष, महासमुंद)
- कुंजलाल चेलक (36 वर्ष, महासमुंद)
- राजेन्द्र जांगडे (35 वर्ष, खरोरा)
- चुड़ामणी ध्रुव (42 वर्ष, महासमुंद)
- दीपक कुमार खुटे (33 वर्ष, महासमुंद)
- चिन्ता कुमार आवले (27 वर्ष, महासमुंद)
पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के दिशा-निर्देशों पर की गई इस कार्रवाई के तहत आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपियों के विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की जा रही है।



