सूखे नशे के विरुद्ध रायपुर कमिश्नरेट की सर्जिकल स्ट्राइक,कट्टा, कारतूस और भारी मात्रा में नशीली दवाओं के साथ दो सगे भाई धरे गए
माफिया स्टाइल हाइडआउट और मोशन सेंसर भी नहीं बचा पाए,रायपुर पुलिस की गिरफ्त में कुख्यात मुकेश बनिया और संजू

रायपुर । रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने राजधानी में सक्रिय नशे के संगठित नेटवर्क पर अब तक की सबसे बड़ी चोट की है। कालीबाड़ी और नेहरू नगर क्षेत्र में दहशत का पर्याय बने कुख्यात हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया और उसके भाई संजू को पुलिस ने एक फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से न केवल भारी मात्रा में नशीले पदार्थ, बल्कि अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद हुए हैं।
डीसीपी (क्राइम) स्मृतिक राजनाला और डीसीपी (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता की संयुक्त मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि लंबे समय से राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और ओडिशा में ठिकाने बदल रहा मुकेश बनिया शहर में वापस आया है।
पुलिस ने जब इनके हाइडआउट पर छापा मारा, तो वहां का नजारा देख अधिकारी भी दंग रह गए। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए अपने ठिकाने पर सीसीटीवी कैमरे, वाई-फाई और मोशन सेंसर लगा रखे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्नलिखित सामग्री बरामद की है:
- नशीले पदार्थ: 6 किलो 119 ग्राम गांजा और 2400 नग अल्प्राजोलम टैबलेट।
- हथियार: एक देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस।
- अन्य: मोबाइल फोन्स और गांजा पैकेजिंग के लिए इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन व प्लास्टिक झिल्ली
मुख्य आरोपी मुकेश बनिया पर हत्या, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस जैसे 31 संगीन मामले दर्ज हैं। वहीं उसके भाई संजू पर पॉक्सो एक्ट और चोरी सहित 15 मामले दर्ज पाए गए हैं।
इस मामले की शुरुआत 24 फरवरी को अब्दुल जाफर और सुनील जगत की गिरफ्तारी से हुई थी। उनसे मिली लीड के आधार पर ही इस ‘नशा साम्राज्य’ की जड़ तक पुलिस पहुँच पाई। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रायपुर पुलिस नशे के सौदागरों के खिलाफ ‘शून्य सहनशीलता’ (Zero Tolerance) की नीति पर काम कर रही है। मुकेश बनिया की गिरफ्तारी से न केवल नशे की सप्लाई चेन टूटी है, बल्कि क्षेत्र में व्याप्त दहशत भी खत्म होगी। अभी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।



