संविधान निर्माता को नमन: रायपुर रेल मंडल में DRM दयानंद ने किया माल्यार्पण, रेल सेवा को देश सेवा से जोड़ने का लिया संकल्प
मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने रेल विकास को सामाजिक विकास का आधार बताते हुए विनम्रता और समानता के साथ कार्य करने का दिया संदेश।

रायपुर । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर रेल मंडल में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती गरिमामय वातावरण में मनाई गई। 14 अप्रैल को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण, मंडल कार्यालय में मुख्य समारोह का आयोजन आज 15 अप्रैल 2026 को किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक (DRM) दयानंद द्वारा बाबा साहेब की प्रतिमा पर श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक बजरंग अग्रवाल सहित मंडल के तमाम वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक लोकतंत्र के प्रबल पक्षधर थे। उन्होंने कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हमें बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाते हुए संकल्प लेना चाहिए कि रेल सेवा के माध्यम से मिली देश सेवा की जिम्मेदारी को हम पूरी निष्ठा, सद्भावना और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कार्यस्थल और रेलवे कॉलोनियों में सकारात्मक परिवर्तन केवल हमारे संयुक्त प्रयासों और समानता के व्यवहार से ही संभव है।
समारोह में अखिल भारतीय अनुसूचित जाति/जनजाति रेलवे एंप्लाइज एसोसिएशन के डिविजनल प्रेसिडेंट श्री भोली चौधरी ने बाबा साहेब के ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ के संदेश पर प्रकाश डाला। साथ ही एसोसिएशन के सचिव वाय. के. मिहुलिया, ओबीसी एसोसिएशन के पदाधिकारी एच. प्रसाद राव व वाय. रमेश राव, और रेलवे कांग्रेस यूनियन से पी. के. कदम ने भी डॉ. अम्बेडकर की जीवनी और उनके द्वारा समाज निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राहुल गर्ग ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और यूनियन प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की तथा धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।



