रायपुर से अमृतसर स्वर्ण मंदिर के लिए रवाना हुआ तेलगु वेलफेयर सोसाइटी का 200 सदस्यीय जत्था,समाजसेवी कुबेर राठी ने दी शुभकामनाएं

रायपुर । धार्मिक सौहार्द, निस्वार्थ सेवा और सामाजिक समरसता की मिसाल पेश करते हुए तेलगु वेलफेयर सोसाइटी के 200 सदस्यों का एक विशेश दल प्रसिद्ध सिख तीर्थ स्थल स्वर्ण मंदिर, अमृतसर (पंजाब) में सेवा देने के लिए रवाना हुआ। इस यात्रा की सबसे खास बात यह है कि इसमें किसी एक समुदाय के नहीं, बल्कि सभी धर्मों के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं, जो समाज में आपसी भाईचारे का एक सशक्त संदेश देता है।
समाजसेवी कुबेर राठी ने किया भव्य स्वागत
अमृतसर रवानगी से पूर्व रायपुर रेलवे स्टेशन परिसर स्थित प्रख्यात समाजसेवी एवं संस्था के संस्थापक कुबेर राठी के कार्यालय में सभी 200 यात्रियों का अत्यंत आत्मीय और भव्य स्वागत किया गया। यात्रियों की सुविधा और सुगम यात्रा को ध्यान में रखते हुए कुबेर राठी द्वारा सभी सदस्यों को दोपहर का स्वादिष्ट भोजन कराया गया। इसके साथ ही, यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी यात्रियों को रास्ते के लिए भोजन के पैकेट भी बनाकर भेंट किए गए।
ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ रेलवे स्टेशन रवाना
आंध्रा एसोसिएशन के पूर्व सचिव श्रीनिवास राव ने इस अवसर पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि समाजसेवी कुबेर राठी के ऑफिस परिसर में यात्रियों का जिस गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया, वह अभिभूत करने वाला है। यात्रियों को भोजन कराने के पश्चात ढोल-नगाड़ों की थाप और मंगल शुभकामनाओं के साथ रायपुर रेलवे स्टेशन तक ससम्मान रवाना किया गया। श्रीनिवास राव ने आगे कहा कि इस प्रकार के आयोजन और सहयोग से यात्रियों का उत्साह कई गुना बढ़ जाता है।
सेवा और तीर्थ दर्शन का संगम: अध्यक्ष टी. गोपी
तेलगु वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष टी. गोपी, जो स्वयं इस 5 दिवसीय धार्मिक व सेवा यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं, ने यात्रा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह 5 दिवसीय यात्रा केवल एक साधारण पर्यटन या तीर्थ यात्रा नहीं है, बल्कि इसका मुख्य उद्देश्य स्वर्ण मंदिर में अपनी निस्वार्थ सेवा देना और पवित्र तीर्थ स्थल के दर्शन करना है। सर्वधर्म समभाव की भावना से प्रेरित होकर सभी सदस्य पवित्र दरबार साहिब में लंगर व अन्य व्यवस्थाओं में अपनी सेवा देंगे।
आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा: कुबेर राठी
आयोजन के दौरान समाजसेवी कुबेर राठी ने यात्रियों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंजाबियों का प्रमुख एवं पवित्र तीर्थ स्थल अमृतसर, जहां यह 200 यात्रियों का जत्था सेवा भाव के साथ जा रहा है, वह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने आगे कहा कि जब यह जत्था अपनी सेवा पूर्ण कर वापस लौटेगा, तब समाज में एक नई सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा। इस तरह की तीर्थ यात्राएं न केवल आत्मिक शांति देती हैं, बल्कि इनसे एक बहुत अच्छी सामाजिक सीख भी मिलती है, जो हमारी आने वाली युवा पीढ़ी के लिए एक महान प्रेरणा और मार्गदर्शक का कार्य करेगी।
जनप्रतिनिधियों ने दीं शुभकामनाएं
कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा ने तेलगु वेलफेयर सोसाइटी और समाजसेवी कुबेर राठी के इस संयुक्त प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि रायपुर की यह पावन परंपरा रही है कि यहां हर धर्म और समाज का सम्मान किया जाता है। 200 लोगों का यह जत्था जो अमृतसर में सेवा देने जा रहा है, वह छत्तीसगढ़ की ‘सबके लिए सेवा’ की संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करेगा। उन्होंने सभी यात्रियों की मंगलमय और सुरक्षित यात्रा की कामना की।
इस अवसर पर अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा,पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय,भाजपा प्रवक्ता राजकुमार राठी,समाजसेवी बसंत अग्रवाल,सब्जी मंडी के अध्यक्ष श्रीनिवास रेड्डी, सिक्ख समाज के अधिकारी ,पदाधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण सहित सिक्ख एवं तेलगु समाज के पदाधिकारीगण उपस्थित हुए।


