दोस्त की हत्या कर नाले के पाइप में छिपाई थी लाश, खमतराई पुलिस ने चंद घंटों में किया अंधी हत्या का खुलासा, 3 गिरफ्तार
शराब पीने के दौरान हुआ था विवाद: लोहे की रॉड और कंक्रीट से हमला कर ली जान, 300 मीटर दूर सीमेंट पाइप में छिपाया था शव।

रायपुर । राजधानी में पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की ‘प्रोएक्टिव पुलिसिंग’ के तहत खमतराई थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। आपसी रंजिश और मामूली विवाद के चलते अपने ही दोस्त की नृशंस हत्या कर शव को छुपाने वाले 3 शातिर आरोपियों को पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को घटनास्थल से 300 मीटर दूर 12 फीट गहरे नाले के सीमेंट पाइप में छुपा दिया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 अगस्त 2026 की देर रात करीब 10 से 12 बजे के बीच मृतक पवन टंडन (22 वर्ष) अपने तीन दोस्तों—समीर खान, प्रकाश यादव और सूरज यादव के साथ रावांभाठा स्थित चारो बांधा तालाब के पास सूखा मैदान में बैठा था। चारों वहां बैठकर शराब पी रहे थे। रात्रि करीब 1:00 से 1:30 बजे के बीच किसी बात को लेकर उनके बीच आपस में वाद-विवाद शुरू हो गया।
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी समीर खान ने पास में रखी लोहे की रॉड से पवन के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर ज़मीन पर गिर पड़ा। इसके बाद प्रकाश यादव ने पास पड़े सीमेंट कंक्रीट के भारी टुकड़े से पवन के सिर पर वार किया और सूरज यादव ने उसका गला दबाया। पवन को अधमरा देखकर समीर खान ने फिर से सीमेंट कंक्रीट का टुकड़ा उसके चेहरे और सिर पर पटक दिया, जिससे पवन की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से तीनों आरोपियों ने शव को घसीटते हुए लगभग 300 मीटर दूर स्थित सीमेंट पाइप लाइन के अंदर लगभग 12 फीट गहराई में छिपा दिया। इधर परिजन पिछले दो दिनों से पवन की तलाश में रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में भटक रहे थे।
पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खमतराई पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई। पुलिस ने बिना देर किए संदिग्धों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस, एफएसएल (FSL) टीम और मृतक के परिजनों को मौके पर ले जाया गया, जहां परिजनों ने मृतक की शिनाख्त पवन टंडन के रूप में की।
मृतक के चचेरे भाई प्रकाश भट्ट की रिपोर्ट पर खमतराई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 752/2026, धारा-103(1), 238, 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड, सीमेंट कंक्रीट का टुकड़ा और घटना के समय पहने हुए खून से सने कपड़े जब्त कर लिए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- समीर खान (19 वर्ष), पिता- आबित खान, निवासी- शिव मंदिर के पास, बंजारी नगर, रावांभाठा, थाना खमतराई, रायपुर।
- प्रकाश यादव उर्फ दादु (18 वर्ष), पिता- देवनाथ यादव, निवासी- बंजारी नगर तालाब पार, रावांभाठा, थाना खमतराई, रायपुर।
- सूरज यादव (19 वर्ष), पिता- रामजी यादव, निवासी- शिव मंदिर के पास, बांधा पारा, रावांभाठा, थाना खमतराई, रायपुर।
मृतक: पवन टंडन (22 वर्ष), पिता- रूप सिंह टंडन, निवासी- रावांभाठा, थाना खमतराई, रायपुर।



