प्रयोगशाला परिचालक भर्ती परीक्षा 26 जुलाई को,रायपुर के 52 केंद्रों में 16 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
सुबह 10:00 से 12:15 बजे तक होगी परीक्षा; डिप्टी कलेक्टर उत्तम प्रसाद रजक बनाए गए नोडल अधिकारी।

रायपुर । छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मण्डल (व्यापमं), रायपुर द्वारा आयोजित प्रयोगशाला परिचालक के रिक्त पदों पर लिखित भर्ती परीक्षा (PSLA-26) आगामी 26 जुलाई 2026 (रविवार) को आयोजित की जाएगी। जिले के 52 परीक्षा केंद्रों में प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होने वाली इस परीक्षा में कुल 16 हजार 987 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा के सुचारु, पारदर्शी और व्यवस्थित संचालन के लिए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सोसायटी सभाकक्ष में अपर कलेक्टर नवीन ठाकुर की अध्यक्षता में एक अहम ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। परीक्षा प्रबंधन के लिए डिप्टी कलेक्टर उत्तम प्रसाद रजक को नोडल अधिकारी तथा विशेष रोजगार कार्यालय के रोजगार अधिकारी केदारनाथ पटेल को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
बैठक में अपर कलेक्टर नवीन ठाकुर ने अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों में पेयजल, विद्युत और बैठक व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं। उन्होंने अभ्यर्थियों की कड़ी सुरक्षा जांच (फ्रिस्किंग) के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पूर्व फ्रिस्किंग अनिवार्य रूप से की जाए ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और कदाचार-मुक्त ढंग से संपन्न कराई जा सके।
परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री का वितरण 26 जुलाई को प्रातः 6:00 बजे जिला कोषालय (कलेक्टर परिसर, रायपुर) से किया जाएगा। अपर कलेक्टर ने आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।



