होली से पहले बदमाशों पर कसा शिकंजा, चाकूबाज सहित 8 गिरफ्तार
होली त्योहार के मद्देनजर संदिग्धों और पुराने अपराधियों की धरपकड़ तेज।

रायपुर । आगामी होली त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से रायपुर ग्रामीण पुलिस एक्शन मोड में नजर आ रही है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना विधानसभा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आर्म्स एक्ट, प्रतिबंधात्मक धाराओं और लंबे समय से फरार वारंटियों सहित कुल 08 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर खालबाड़ा सड्डू निवासी नीरज निषाद उर्फ हड्डी (20 वर्ष) को अवैध रूप से चाकू लहराते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से एक घातक चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना विधानसभा में अपराध क्रमांक 76/26, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने पुराने अपराधियों और वारंटियों की कुंडली खंगाली। कार्रवाई के दौरान मारपीट और आबकारी एक्ट से जुड़े 03 पुराने वारंटियों को पकड़कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही, क्षेत्र में शांति भंग करने की आशंका वाले 04 संदिग्धों और बदमाशों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला ने बताया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। संदिग्ध तत्वों और बदमाशों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा ताकि आम नागरिक भयमुक्त होकर पर्व मना सकें।



