राजधानी में आधी रात खूनी संघर्ष: विधायक कॉलोनी के पास भिड़े कैटरिंग कारोबारी, 7 गिरफ्तार
दो पक्षों में पैसे के विवाद को लेकर हुई थी मारपीट, नशे में धुत आरोपियों ने जमकर मचाया था उत्पात।

रायपुर । राजधानी के थाना तेलीबांधा क्षेत्रांतर्गत विधायक कॉलोनी के पीछे स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बीते 26 फरवरी की रात जमकर हंगामा हुआ। कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े दो गुटों के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि सड़क पर सरेराह मारपीट शुरू हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 7 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पार्टी ‘A’ और ‘B’ दोनों ही कैटरिंग के कार्य से जुड़े हुए हैं। 26 फरवरी की रात करीब 10:00 बजे विधायक कॉलोनी के पास दोनों पक्षों के बीच पुराना आर्थिक लेनदेन को लेकर बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान आरोपी नशे की हालत में धुत थे।
सरेराह हो रही इस मारपीट का किसी राहगीर ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो के संज्ञान में आते ही तेलीबांधा थाना पुलिस ने आरोपियों की पहचान शुरू की और दबिश देकर सात लोगों को धर दबोचा।
पुलिस ने काशीराम नगर निवासी योगेश साहू (26) और रितेश साहू (25) को पार्टी ‘A’ की ओर से गिरफ्तार किया है। वहीं, दूसरी ओर (पार्टी ‘B’) से आशुतोष पांडे, सतबीर खींची, मोहम्मद तालिब, संदीप यादव और विवेक मिश्रा को हिरासत में लिया गया है। पकड़े गए आरोपियों में से कई उत्तर प्रदेश के कानपुर और राजस्थान के निवासी हैं, जो वर्तमान में यहीं रहकर कैटरिंग का काम कर रहे थे।
तेलीबांधा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है।पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ शांति भंग करने और मारपीट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।



