उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने सेवा कार्य से मनाया मुख्यमंत्री का जन्मदिवस,जिला अस्पताल में मरीजों को बांटे फल
विकास ही नहीं, संवेदना भी है हमारी पहचान–विधायक पुरंदर मिश्रा

रायपुर । प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जन्मदिवस के अवसर पर रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में सेवा और संवेदना की एक नई मिसाल पेश की गई। क्षेत्रीय विधायक पुरंदर मिश्रा के नेतृत्व एवं प्रेरणा से पंडरी स्थित जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विधायक एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने मरीजों का कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि जनप्रतिनिधि का धर्म केवल सड़कों और इमारतों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति के दुख-दर्द में सहभागी बनना ही सच्ची सेवा है। मुख्यमंत्री जी का व्यक्तित्व सादगी और सेवा का प्रतीक है, इसलिए उनके जन्मदिवस को हमने ‘जनसेवा पर्व’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया। उन्होंने आगे मुख्यमंत्री के यशस्वी नेतृत्व की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।
सेवा के इस कार्यक्रम में संगठन की एकजुटता और समर्पण साफ नजर आया। इस दौरान महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष एवं पार्षद कृतिका जैन, भाजपा रायपुर जिला उपाध्यक्ष अकबर अली, सौरभ मिश्रा, और अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष पंकज जगत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मरीजों के परिजनों ने भी विधायक और कार्यकर्ताओं की इस संवेदनशीलता की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में विधायक मिश्रा ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सुशासन और चहुंमुखी विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।


