स्वामी आत्मानंद स्कूल सारागांव का वार्षिकोत्सव संपन्न, विधायक अनुज शर्मा ने नन्हे वैज्ञानिकों को दिया सपनों की उड़ान का मंत्र
वार्षिकोत्सव के मंच से मेधावी छात्र पुरस्कृत, रंगारंग कार्यक्रमों की रही धूम।

धरसींवा/सारागांव । धरसींवा विधानसभा अंतर्गत ग्राम सारागांव स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ, जिसके पश्चात स्कूली छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
नवाचार की नई पहल: अटल टिंकरिंग लैब का लोकार्पण
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने विद्यालय में नवनिर्मित अटल टिंकरिंग लैब (Atal Tinkering Lab) का लोकार्पण किया। यह लैब विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच पैदा करने और उन्हें रोबोटिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आधुनिक तकनीक के व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ने के उद्देश्य से स्थापित की गई है। विधायक ने लैब का अवलोकन किया और वहां उपलब्ध उपकरणों के बारे में जानकारी ली।
छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि यह लैब केवल एक कमरा नहीं है, बल्कि हमारे नन्हे वैज्ञानिकों के सपनों की उड़ान का केंद्र है। यहाँ बच्चे रटकर नहीं, बल्कि स्वयं अपने हाथों से प्रयोग करके (Learning by Doing) सीखेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए आगे कहा कि जीवन में बड़े सपने देखें। आज आप इस लैब में छोटे मॉडल बना रहे हैं, कल आप देश के लिए बड़ी तकनीक और रॉकेट बनाएंगे।
वार्षिकोत्सव के दौरान विधायक ने शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सरकार स्वामी आत्मानंद स्कूलों के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति ला रही है और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए हर आधुनिक सुविधा देने हेतु प्रतिबद्ध है।
इस कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा के साथ शकुंतला ढिलेन्द्र सेन, दिनेश खुटे, सुनील शर्मा, लखन लाल धीवर, अरविंद ठाकुर, पुन्नी देवांगन, नंद कुमार साहू, राजेंद्र विश्वकर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए लैब के बेहतर संचालन का विश्वास दिलाया।


