विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने बसना में बुलाई उच्चस्तरीय बैठक, धार्मिक-सामाजिक व विकास आयोजनों का तिथिवार खाका तैयार
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ विपक्षी दुष्प्रचार पर बरसे विधायक डॉ. संपत अग्रवाल, सर्वसम्मति से लाया गया निंदा प्रस्ताव

बसना । विधायक डॉ. संपत अग्रवाल की गरिमामयी अध्यक्षता एवं उपस्थिति में विधायक कार्यालय बसना में एक अति-महत्वपूर्ण समीक्षा एवं संगठनात्मक बैठक का सफल आयोजन किया गया। इस उच्चस्तरीय बैठक में बसना विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, आगामी धार्मिक व राष्ट्रीय पर्वों के भव्य आयोजन तथा सामाजिक सरोकारों को लेकर तिथिवार विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में विधायक प्रतिनिधियों, संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।
बैठक में जानकारी देते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि आगामी 03 अगस्त 2026 को राज्यपाल रमेन डेका का सपरिवार ओडिशा के पुरी धाम से वापसी के दौरान बसना आगमन हो रहा है। नीलांचल भवन में उनके प्रथम आगमन को स्मरणीय बनाने हेतु विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के नेतृत्व में भव्य स्वागत एवं सत्कार कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।
इसके पश्चात विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रभक्ति की अलख जगाने के उद्देश्य से आगामी 10 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक संपूर्ण बसना क्षेत्र में ‘तिरंगा यात्रा’ एवं ‘घर-घर तिरंगा’ अभियान का व्यापक संचालन किया जाएगा। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्व-प्रेरणा से आगे आते हुए लगभग 2,500 तिरंगा ध्वज वितरित करने तथा आमजनों को राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ने का संकल्प लिया, साथ ही 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य व ऐतिहासिक रूप से मनाने का निर्णय लिया गया।
आगे की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि मानवीय संवेदनाओं व जनसेवा की कड़ी में आगामी 16 अगस्त से 19 अगस्त 2026 तक मंगल भवन बसना में नीलांचल सेवा समिति के तत्त्वावधान में विशाल दिव्यांग सहायता कार्यक्रम आयोजित होगा। इस चार दिवसीय शिविर में क्षेत्र के दिव्यांगजनों को आधुनिक सहायक उपकरण व सामग्री का वितरण कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने तथा संबल प्रदान करने का कार्य किया जाएगा।
धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने जानकारी दी कि सावन मास के अंतिम सोमवार, 24 अगस्त 2026 को ऐतिहासिक एवं भव्य ‘बोल बम कांवड़ यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा, जो नरसिंहनाथ धाम से प्रारंभ होकर बसना तक आएगी। इस यात्रा के सुगम संचालन, भोजन, विश्राम व सुरक्षा संबंधी समस्त व्यवस्थाओं हेतु विधायक डॉ. अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक के दौरान समसामयिक व राजनीतिक विषयों पर चर्चा करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने हाल ही में दिल्ली में घटित घटनाक्रम तथा कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों की नकारात्मक व जनविरोधी गतिविधियों की कड़े शब्दों में निंदा एवं भर्त्सना की। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की अनुचित मांग को लेकर विपक्ष द्वारा प्रायोजित तरीके से चलाए जा रहे भ्रम, असत्य व दुष्प्रचार पर गहरा आक्रोश प्रकट करते हुए उसका कड़ा विरोध किया तथा बैठक में सर्वसम्मति से विपक्षी रवैये के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया।अंत में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर क्षेत्र के विकास कार्यों की गति बढ़ाने तथा जन-जन तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुँचाने का आह्वान किया।
समीक्षा बैठक में जिला महामंत्री जितेंद्र त्रिपाठी,जिला पूर्व उपाध्यक्ष भाजपा रमेश अग्रवाल,संयोजक विधानसभा बसना एन के अग्रवाल, अध्यक्ष नगर पंचायत बसना खुशबू अग्रवाल,जिला उपाध्यक्ष भाजपा हरप्रसाद पटेल,जिला प्रवक्ता भाजपा स्वप्निल तिवारी, अध्यक्ष जनपद पंचायत बसना डिलेश्वरी मिलाप निराला, जिला संयोजक आर्थिक प्रकोष्ठ सुमित अग्रवाल, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत बसना मोहित पटेल,मंडल अध्यक्ष बसना नरेंद्र यादव,मंडल अध्यक्ष पिरदा अभिमन्यु प्रधान,मंडल अध्यक्ष गढ़फुलझर नरहरी पोर्ते,मंडल अध्यक्ष सांकरा हलधर साहू, विधायक प्रतिनिधि कैलाश अग्रवाल,जनपद सदस्य एवं विधायक प्रतिनिधि पुरुषोत्तम धृतलहरे,महामंत्री पिथौरा मंडल जतिन ठक्कर,महामंत्री सांकरा मंडल झाडूराम परमार,महामंत्री बसना मंडल दीपक शर्मा सहित समस्त मंडल,मोर्चा , विधायक प्रतिनिधि एवं पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।



