सनी लियोन ले रही महतारी वंदन योजना का लाभ,पति का नाम- जॉनी सिन्स, खुद देखें सबूत

छत्तीसगढ़ की साय सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक महतारी वंदन योजना का लाभ बस्तर में बॉलीवुड की चर्चित अदाकारा सनी लियोन को मिल रहा है। यह हम नहीं कह रहे यह खुद शासन की महतारी वंदन योजना की वेब साइट बता रही है। वेब साइट में पंजीयन क्रमांक MVY006535575 डालने पर हितग्राही का नाम सनी लियोन और पति का जॉनी सींस दर्शाया गया है।सोशल मीडिया में मामला उठने के बाद अब अकाउंट को होल्ड कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, योजना का लाभ लेने के लिए बॉलीवुड एक्ट्रेस सनी लियोनी के नाम पर फर्जी अकाउंट बनाया गया था। इस खाते हमें हर महीने 1 हजार रुपए भी डल रहे थे। बताया जा रहा है कि, फ्रॉड करने वाले युवक की शिनाख्त कर ली गई है।

जानकारी के मुताबिक, एक एक्स यूजर ने स्क्रीनशॉट शेयर कर मामले को उजागर किया था। यह पूरा मामला बस्तर जिले के तालुर गांव का है। इस गांव में महतारी वंदन योजना के लिए सनी लियोनी, पति जॉनी सीन्स के नाम का आवेदन डला था।

इस आवेदन को सुपरवाइजर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने सत्यापित कर आगे फॉरवर्ड भी किया था। इसके बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता देवमती जोशी की ID से आवेदन रजिस्टर्ड हुआ है। वहीं आरोपी का नाम वीरेंद्र जोशी जिसने सनी के नाम का फर्जी आवेदन और बैंक खाता दिया था।

सत्यापन के बाद छत्तीसगढ़ महतारी वंदन योजना के लिए इस फॉर्म को एलिजिबल बताया गया। जिसके बाद इस खाते में मार्च 2024 से लेकर दिसंबर 2024 कुल 10 महीने तक हर महीने 1-1 हजार रुपए की राशि डाली गई है। कुल 10 हजार रुपए खाते में डल चुके हैं। जब इसकी जानकारी प्रशासन को मिली तो तत्काल मामले की जांच कराई गई।

बस्तर कलेक्टर हरीश एस. ने मीडिया से बातचीत में बताया कि, हमें आज सुबह इसकी जानकारी मिली है। तत्काल खाते को होल्ड करवा दिया गया। तालुर के एक युवक ने यह पूरा स्कैम किया है। उसकी पहचान कर ली गई है। इस मामले के संबंध में FIR दर्ज करवा रहे हैं।

कलेक्टर ने कहा कि, जितने भी पैसे उस खाते में डले हैं उसे एक दिन के अंदर ही रिकवर करवा लिया जाएगा। तालुर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सुपरवाइजर के खिलाफ भी जांच की जाएगी। इन पर भी कार्रवाई की जाएगी।

महतारी वंदन योजना को लेकर दीपक बैज का बड़ा आरोप

महतारी वंदन का पैसा सनी लियॉन के खाते में जा रहा है। महतारी वंदन के नाम से यह सरकार बड़ा भ्रष्टाचार कर रही है।योजना में 50% से ज्यादा मामलों में गड़बड़ है। पूरे प्रदेश में अगर परीक्षण करेंगे तो सनी लियॉन के अलावा करीना कपूर के नाम से भी महतारी वंदन का पैसा खाते में जा रहा होगा।

भाजपा के विधायक ने किया बचाव

महतारी वंदन योजना को लेकर कांग्रेस के बयान पर भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने पलटवार किया। सुशांत ने कहा कि महतारी वंदन योजना सरकार का ऐतिहासिक कदम है। कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक बैज भयभीत हैं। बस्तर में एक विसंगति आई है। किसी तथाकथित हीरोइन के नाम पर पैसे निकल रहे हैं। लाभकारी योजनाओं में ऐसी विसंगतियां हो जाती हैं। कांग्रेस को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। न्याय के नाम पर जो उन्होंने अन्याय किया उसका परिणाम भुगत रहे हैं।

Richa Sahay

ऋचा सहाय — पत्रकारिता और न्याय जगत की एक सशक्त आवाज़, जिनका अनुभव दोनों क्षेत्रों में अद्वितीय है। वर्तमान में The 4th Pillar की वरिष्ठ समाचार संपादक के रूप में कार्यरत ऋचा सहाय दशकों से राजनीति, समाज, खेल, व्यापार और क्राइम जैसी विविध विषयों पर बेबाक, तथ्यपूर्ण और संवेदनशील लेखन के लिए जानी जाती हैं। उनकी लेखनी की सबसे खास बात है – जटिल मुद्दों को सरल, सुबोध भाषा में इस तरह प्रस्तुत करना कि पाठक हर पहलू को सहजता से समझ सकें।पत्रकारिता के साथ-साथ ऋचा सहाय एक प्रतिष्ठित वकील भी हैं। LLB और MA Political Science की डिग्री के साथ, उन्होंने क्राइम मामलों में गहरी न्यायिक समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण स्थापित किया है। उनके अनुभव की गहराई न केवल अदालतों की बहसों में दिखाई देती है, बल्कि पत्रकारिता में उनके दृष्टिकोण को भी प्रभावशाली बनाती है।दोनों क्षेत्रों में वर्षों की तपस्या और सेवा ने ऋचा सहाय को एक ऐसा व्यक्तित्व बना दिया है जो ज्ञान, निडरता और संवेदनशीलता का प्रेरक संगम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button