रील के चक्कर में ‘रियल’ एक्शन: रायपुर में दोपहिया पर हुड़दंग मचाने वाले युवकों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,स्टंट करना पड़ा महंगा
सार्वजनिक मार्ग पर स्टंटबाजी और ओवरलोडिंग करने वालों का थमा चालान,यातायात पुलिस बोली-भविष्य में दोहराई गलती तो होगी जेल।

रायपुर । राजधानी रायपुर की सड़कों पर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने और स्टंटबाजी के जरिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले हुड़दंगियों पर रायपुर यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। समाचार पत्र में प्रकाशित एक छायाचित्र (फोटो) का स्वतः संज्ञान लेते हुए पुलिस ने बीच सड़क पर एक ही दोपहिया वाहन पर चार सवारी बैठाकर स्टंट करने वाले युवकों को न सिर्फ दबोचा, बल्कि उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की है।
मामला तब सामने आया जब एक स्थानीय समाचार पत्र में चार युवकों द्वारा एक ही बाइक पर खतरनाक तरीके से स्टंट करने की तस्वीर छपी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (यातायात) डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर तत्काल जांच टीम गठित की गई। यातायात पुलिस ने वाहन और संबंधित युवकों का सत्यापन कर उन्हें फौरन कार्यालय तलब किया।
कड़ाई से पूछताछ के बाद पुलिस ने युवकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम (एमवी एक्ट) की धाराओं के तहत बिना वैध दस्तावेज और खतरनाक ड्राइविंग के लिए धारा 3/181, 5/180, 184 और ओवरलोडिंग (चार सवारी) के लिए धारा 128/194(सी) के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए कुल ₹4,500 का चालान काटा गया। पुलिस ने साफ किया कि यह कार्रवाई महज एक शुरुआत है, भविष्य में ऐसी लापरवाही पर सीधे वाहन जब्ती और लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान केवल युवकों पर जुर्माना ही नहीं लगाया गया, बल्कि उनके अभिभावकों (माता-पिता) को भी यातायात कार्यालय बुलाया गया। डीसीपी यातायात की मौजूदगी में काउंसिलिंग करते हुए उन्हें समझाया गया कि इस तरह की स्टंटबाजी और ओवरलोडिंग किस कदर जानलेवा साबित हो सकती है। पुलिस ने परिजनों को अपने बच्चों की निगरानी करने और उन्हें बिना दस्तावेज वाहन न सौंपने की सख्त हिदायत दी।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा किसी एक की नहीं, बल्कि हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। युवा वर्ग रील बनाने या थ्रिल के चक्कर में अपनी जान दांव पर न लगाएं। दोपहिया पर तय सीमा से अधिक लोग न बैठें और हमेशा हेलमेट का प्रयोग करें। याद रखें— सुरक्षित चलें, जिम्मेदारी से चलें, क्योंकि आपका परिवार घर पर आपका इंतजार कर रहा है।



