पंडरिया के वनांचल में शिक्षा की नई क्रांति,विधायक भावना बोहरा ने 2.75 करोड़ के बालक छात्रावास का किया भूमिपूजन
दुर्गम क्षेत्रों के छात्रों को मिलेगी सुरक्षित आवास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सौगात; परिजनों की चिंता हुई दूर।


पंडरिया । पंडरिया विधानसभा अंतर्गत वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा के स्तर को सुधारने तथा अधोसंरचना विकास को एक नई गति देने के लिए क्षेत्रीय विधायक भावना बोहरा ने एक बड़ा कदम उठाया है। ‘पीएम जनमन योजना’ के अंतर्गत वनांचल ग्राम कोदवागोड़ान में 2 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले 100 सीटर बालक छात्रावास निर्माण कार्य का आज विधि-विधान से भूमिपूजन कर आधारशिला रखी गई। यह छात्रावास सुदूर वनांचल में रहने वाले आदिवासी और जरूरतमंद छात्रों के लिए एक सुरक्षित और सर्वसुविधायुक्त केंद्र बनेगा, जिससे उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त होगा।
इस ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए विधायक भावना बोहरा ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों को बेहतर और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पहले छात्रों को पहाड़ी और दुर्गम रास्तों से विद्यालय आने-जाने में भारी असुविधा होती थी। इस सर्वसुविधायुक्त छात्रावास के निर्माण से बच्चों के समय और परिश्रम दोनों की बचत होगी, जिससे वे पूरा ध्यान अपनी पढ़ाई पर केंद्रित कर सकेंगे। शिक्षा ही समाज में विकास का सबसे सशक्त माध्यम है और हमारी सरकार बुनियादी ढांचा मजबूत कर वनांचल के बच्चों के सपनों को उड़ान दे रही है।
विधायक भावना बोहरा ने केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में ‘पीएम जनमन योजना’ आज प्रदेश के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में विकास की एक नई किरण बनकर आई है। आज जिन दुर्गम क्षेत्रों में सड़क, बिजली और पानी की कल्पना करना भी कठिन था, वहां पक्के आवास, शुद्ध पेयजल के लिए नल-जल योजना और विद्युतीकरण का काम तेजी से पूरा हो रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए पहले से ही निशुल्क एम्बुलेंस और मोबाइल हेल्थ पैथ लैब का संचालन किया जा रहा है।
महिला सशक्तिकरण और बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विधायक भावना बोहरा ने मंच से एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि कुई-कुकदुर शासकीय महाविद्यालय में पढ़ने वाली वनांचल क्षेत्र की बेटियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन के लिए आगामी शैक्षणिक सत्र से ‘निःशुल्क बस सेवा’ की शुरुआत की जाएगी। इस पहल से दूर-दराज के गांवों से आने वाली छात्राएं बिना किसी वित्तीय और सुरक्षा संबंधी चिंता के अपनी उच्च शिक्षा पूरी कर सकेंगी।
समारोह के दौरान विधायक भावना बोहरा ने पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के लिए स्वीकृत करोड़ों की विकास परियोजनाओं का ब्योरा साझा किया, जिसमें पीएम जनमन योजना के तहत 171 किलोमीटर से अधिक की पक्की सड़कें, 4 उच्चस्तरीय पुल, 10 पुलिया और 3500 नए पीएम आवासों का निर्माण शामिल है। इसके साथ ही क्षेत्र में बुनियादी और सिंचाई सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए महीडबरा जलाशय, पुटपुटा व कौआनार व्यपवर्तन योजना, एनिकट निर्माण, ग्राम मुनमुना में सिंगल विलेज नल-जल योजना, 27 नए आंगनबाड़ी भवनों तथा कुई-कुकदुर में शासकीय महाविद्यालय के नए भवन निर्माण जैसी महत्वपूर्ण सौगातें दी गई हैं, जो वनांचल क्षेत्र के समग्र विकास को एक नई दिशा प्रदान करेंगी।इन सभी दूरगामी परियोजनाओं ने वनांचल क्षेत्रों के विकास को एक नई दिशा दी है, जिससे स्थानीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिल रही है।
इस गौरवशाली भूमिपूजन कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष फलित साहू, सरपंच नंदिनी डहरिया, उप सरपंच नारायण साकत, शिव नंदन पांडेय, मंडल महामंत्री स्वतंत्र तिवारी, महेश यादव, सुखदेव धुर्वे, रामावतार साहू, गणपत करचाम, दिलीप पटेल, संतोष साहू, राजेन्द्र साहू, जनपद सदस्य तुलसी साहू, विकास तिवारी, चुन्नी साहू, सुमन ठाकुर, लक्ष्मी नारायण शर्मा सहित भारी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी एवं सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



