‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने बसना में फहराया तिरंगा, प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
बसना में स्वतंत्रता दिवस का जश्न: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने शहीदों के बलिदान को याद किया

बसना में 79वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न
स्वतंत्रता दिवस पर बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल का संबोधन: शहीदों के सपनों का भारत बनाना हमारा कर्तव्य
बसना । देशभर में आज 79वाँ स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इसी क्रम में बसना नगर में भी स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व गरिमामय वातावरण में मनाया गया। नगर पंचायत बसना और विधायक कार्यालय में आयोजित समारोहों में क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को नमन किया।
बसना विधायक कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने तिरंगा फहराया और उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इसके पश्चात नगर पंचायत बसना में भी ध्वजारोहण किया गया, जहाँ बड़ी संख्या में नागरिक, अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्यजन उपस्थित थे।
विधायक डॉ. अग्रवाल ने अपने संबोधन में प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पावन अवसर हमें हमारे अमर स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने मातृभूमि की आज़ादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। आज हम जिस स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं, वह उन्हीं वीरों की अमूल्य देन है।
उन्होंने आगे कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत एक समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाना हम सभी का सर्वोच्च कर्तव्य है। आइए, इस गौरवपूर्ण दिवस पर हम ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को दृढ़ निश्चय के साथ दोहराएं।
अपने संबोधन में विधायक डॉ. अग्रवाल ने क्षेत्रीय विकास की योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बसना क्षेत्र को शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, जल और रोजगार के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि उनकी सरकार जनहित को सर्वोपरि मानते हुए हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, विधानसभा संयोजक एन. के. अग्रवाल,नगर पंचायत अध्यक्ष खुशबू अग्रवाल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष शीत गुप्ता,सीएमओ सूरज सिदार,पार्षद डेनियल पीटर,पार्षद आशीष साहू,पार्षद वीणा निर्मल दास,पार्षद मुजम्मिल कादरी,पार्षद संगीता नायक,पार्षद महेंद्र सिंह,पूर्व सांसद प्रतिनिधि कामेश बंजारा,पार्षद राकेश डड़सेना,गौतम धृतलहरे, अभिमन्यु जायसवाल, जनपद सभापति जन्मजय साव,महामंत्री दीपक शर्मा,सेवक दास,भाजपा कार्यकर्ता सहित भारी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे।