“अबकी बार, एक लाख पार” के नारों के बीच विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा-हर दिल में भाजपा, हर मन में भारत
ओडिशा के नुआपड़ा में उमड़ा जनसैलाब ,“अबकी बार, एक लाख पार” के नारों से गूंजा वातावरण

नुआपड़ा (ओडिशा)। छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में जबरदस्त जनउमंग देखने को मिली। नुआपड़ा के गुरुकुल आश्रम परिसर में आयोजित विशाल जनसभा में हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों की उपस्थिति ने ऐतिहासिक दृश्य प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत गुरुकुल के नन्हे-मुन्ने बालकों के मधुर भजन से हुई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। गुरुकुल के आचार्य डॉ. सुदर्शन दीपदेव जी से आशीर्वाद प्राप्त करने के पश्चात, उपस्थित जनसमूह को 11 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में अधिकाधिक मतदान कर लोकतंत्र को सशक्त बनाने का संदेश दिया गया।
सभा के दौरान “रिश्तेदार मजबूत हो या ना हो, पड़ोसी मजबूत होना चाहिए” का नारा गूंजा, और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में उद्घोष किया “अबकी बार, एक लाख पार!”
सभा में उत्साह और जोश से भरे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उत्तर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा ने कहा कि युवाओं का जोश, जनता का विश्वास और नेतृत्व का मार्गदर्शन मिलकर इस बार इतिहास रचने वाला है। नुआपड़ा की जनता ने जिस विश्वास और उत्साह के साथ भाजपा के पक्ष में माहौल बनाया है, वह आने वाले परिणामों में झलकेगा।
उन्होंने आगे कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है, और यही संगठन की असली शक्ति है। मिश्रा ने युवाओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
सभा के अंत में जय श्री राम और भारत माता की जय के गगनभेदी नारों से पूरा नुआपड़ा गूंज उठा। इस अवसर पर भाजपा की स्टार प्रचारक एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, राज्यसभा सांसद, कैबिनेट मंत्रीगण, विधायकगण, एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।



