Big BreakingChhattisgarhFeaturedPoliticsरायपुर

मोदी सरकार के 12 वर्ष ऐतिहासिक, देश में हुआ समृद्ध और सशक्त भारत का निर्माण: मुख्यमंत्री साय

रायपुर में आयोजित 'मीडिया कॉन्क्लेव' में सीएम विष्णुदेव साय और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने गिनाईं उपलब्धियां,कहा-नेहरू को पीछे छोड़ सबसे लंबे समय तक 'निर्वाचित' पीएम बने मोदी।







रायपुर । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित एक भव्य ‘मीडिया कॉन्क्लेव’ को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने इस कार्यकाल को देश का स्वर्णिम और ऐतिहासिक कालखंड बताते हुए कहा कि इन 12 वर्षों में एक नए, समृद्ध और सशक्त भारत की मजबूत नींव रखी गई है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि पीएम मोदी खुद को प्रधान सेवक मानते हैं और 140 करोड़ भारतीयों को अपना परिवार समझकर दिन-रात सेवा में जुटे हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज देश में एक ऐसा नया भारत आकार ले चुका है, जो किसी को व्यर्थ में छेड़ता नहीं, लेकिन छेड़ने वाले को छोड़ता भी नहीं है। देश अब दुश्मनों को घर में घुसकर मारने का माद्दा रखता है।

मुख्यमंत्री साय ने पिछले 12 वर्षों के विकास कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि जन-धन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें 32 करोड़ से ज्यादा खाते महिलाओं के हैं। इसके साथ ही, मुफ्त राशन योजना से 81 करोड़ से अधिक देशवासियों को भोजन की सुरक्षा मिल रही है, जबकि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 60 करोड़ से ज्यादा हेल्थ कार्ड जारी कर गरीबों को मुफ्त इलाज की गारंटी दी गई है। उन्होंने आगे रेखांकित किया कि पीएम आवास योजना के जरिए 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के मकान सौंपे गए हैं, उज्ज्वला योजना से 11 करोड़ महिलाओं को धुएं से आजादी मिली है, और जल जीवन मिशन के तहत 16 करोड़ से अधिक ग्रामीण घरों तक नल का साफ पानी पहुंचाया जा चुका है। इसके अलावा, देश के अन्नदाताओं को संबल देते हुए पीएम किसान सम्मान निधि के माध्यम से 11 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 4.3 लाख करोड़ की राशि सीधे ट्रांसफर की गई है।

इसके साथ ही उन्होंने लखपति दीदी योजना से 3 करोड़ महिलाओं के लाभान्वित होने, सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 4.5 करोड़ खातों और सुरक्षाबलों में महिला अधिकारियों की संख्या 3 हजार से बढ़ाकर 11 हजार किए जाने का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि मध्यम वर्ग को बड़ी राहत देते हुए टैक्स छूट की सीमा को भी बढ़ाकर 12.75 लाख कर दिया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी के वक्तव्य को उद्धृत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विकास हमारे लिए 24 घंटे, सातों दिन चलने वाला मिशन है। हमारी कार्यसंस्कृति बदल चुकी है; अब जिसका शिलान्यास हम करते हैं, उसका उद्घाटन भी हम ही करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश का बुनियादी विकास तो हुआ ही है, साथ ही राष्ट्रीय गौरव और सांस्कृतिक चेतना को भी नया मुकाम मिला है। गुलामी की मानसिकता से मुक्ति के प्रतीक स्वरूप ‘राजपथ’ का नाम ‘कर्तव्य पथ’ किया गया, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की भव्य प्रतिमा लगाई गई, और बाबासाहेब आंबेडकर के जीवन से जुड़े स्थलों को ‘पंचतीर्थ’ के रूप में विकसित किया गया। इसके अलावा, नई संसद में ‘सेंगोल’ की स्थापना, ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का निर्माण, अंडमान के द्वीपों का नामकरण परमवीर चक्र विजेताओं पर करना और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को 177 देशों द्वारा अपनाया जाना भारत की बढ़ती सांस्कृतिक ताकत को दर्शाता है।

वैश्विक मंच का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 10 जून का दिन देश के लोकतांत्रिक इतिहास में मील का पत्थर बन चुका है। प्रधानमंत्री मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को पीछे छोड़कर, भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक ‘निर्वाचित’ प्रधानमंत्री बनने का गौरव हासिल कर चुके हैं। मॉर्निंग कंसल्ट के सर्वे में 75% अप्रूवल रेटिंग के साथ वे दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं।

मुख्यमंत्री साय ने राज्य के विकास में प्रधानमंत्री मोदी के विशेष योगदान की सराहना की। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार पीएम आवास योजना के क्रियान्वयन में तेजी से आगे बढ़ रही है। पूर्ववर्ती सरकार के समय वंचित रहे 18 लाख परिवारों को 2 साल के भीतर आवास देने का कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में राज्य में रोजाना 1600 प्रधानमंत्री आवास बन रहे हैं। इसके अलावा, किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, छत्तीसगढ़ का रेलवे बजट बढ़ाकर ₹50 हजार करोड़ से अधिक करना और ‘उड़ान योजना’ के तहत आम नागरिकों के लिए हवाई सेवाएं शुरू करना केंद्र की छत्तीसगढ़ के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है।

कॉन्क्लेव में मौजूद केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक जीत का शतक लगाया है, जबकि कांग्रेस ने हार का शतक बनाया है। वर्तमान में देश के 22 राज्यों में भाजपा गठबंधन की सरकारें हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने विकास के साथ विरासत का संवर्धन किया है। ‘वन नेशन वन टैक्स’ से देश की अर्थव्यवस्था सुधरी है और आज दुनिया के 22 देश भारतीय मुद्रा (रुपए) में व्यापार कर रहे हैं। देश के बजट को 16 लाख करोड़ से बढ़ाकर 53.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाया गया है। भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में 10वें स्थान से छलांग लगाकर चौथे-छठे स्थान पर आ चुकी है और 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं।

इस उच्च स्तरीय मीडिया कॉन्क्लेव के अवसर पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी और रायपुर शहर जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Richa Sahay

ऋचा सहाय — पत्रकारिता और न्याय जगत की एक सशक्त आवाज़, जिनका अनुभव दोनों क्षेत्रों में अद्वितीय है। वर्तमान में The 4th Pillar की वरिष्ठ समाचार संपादक के रूप में कार्यरत ऋचा सहाय दशकों से राजनीति, समाज, खेल, व्यापार और क्राइम जैसी विविध विषयों पर बेबाक, तथ्यपूर्ण और संवेदनशील लेखन के लिए जानी जाती हैं। उनकी लेखनी की सबसे खास बात है – जटिल मुद्दों को सरल, सुबोध भाषा में इस तरह प्रस्तुत करना कि पाठक हर पहलू को सहजता से समझ सकें।पत्रकारिता के साथ-साथ ऋचा सहाय एक प्रतिष्ठित वकील भी हैं। LLB और MA Political Science की डिग्री के साथ, उन्होंने क्राइम मामलों में गहरी न्यायिक समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण स्थापित किया है। उनके अनुभव की गहराई न केवल अदालतों की बहसों में दिखाई देती है, बल्कि पत्रकारिता में उनके दृष्टिकोण को भी प्रभावशाली बनाती है।दोनों क्षेत्रों में वर्षों की तपस्या और सेवा ने ऋचा सहाय को एक ऐसा व्यक्तित्व बना दिया है जो ज्ञान, निडरता और संवेदनशीलता का प्रेरक संगम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button