रायपुर । देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर छत्तीसगढ़ में भी 7 दिनो के लिए राजकीय शोक की घोषणा की गई है । 26 दिसंबर से चलकर 1 जनवरी तक सरकारी तौर पर कोई सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होगा। इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया है। राजकीय शोक के दौरान ध्वज आधा झुका हुआ रहेगा।
राज्य सरकार की ओर से सभी कलेक्टरों को आदेश जारी किया गया है। इसमें समस्त शासकीय भवनों और जहां पर नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, वहां पर राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे। इसके अलावा सरकारी स्तर पर किसी तरह का मनोरंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ उपमुख्यमंत्री अरुण साव और मंत्री ओपी चौधरी के सभी दौरा कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार को 92 साल की उम्र में यहां एम्स में निधन हो गया। तबीयत बिगड़ने के बाद गुरुवार शाम को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एम्स ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि उन्हें शाम 8.06 पर एम्स के मेडिकल इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उम्र से संबंधित बीमारियों के लिए उनका उपचार चल रहा था और घर पर वह अचानक बेहोश हो गए थे। उन्होंने गुरुवार रात 9.51 बजे अंतिम सांस ली।