अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद की प्रदेश मंत्री बनीं कंचन पाठक शुक्ला, कहा- पूरी निष्ठा से धर्म और हिंदुत्व को आगे बढ़ाने का करूंगी कार्य
विमातारा हॉल में आयोजित सम्मेलन में डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया के समक्ष हुई नियुक्ति; नवनियुक्त प्रदेश मंत्री ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रति जताया आभार

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल द्वारा रायपुर स्थित विमातारा हॉल में भव्य रायपुर जिला कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक, हिंदू हृदय सम्राट तथा श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के महानायक डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से डॉ. तोगड़िया के समक्ष नवीन पदाधिकारियों की नियुक्तियां की गईं, जिसमें कंचन पाठक शुक्ला को अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद का प्रदेश मंत्री नियुक्त किया गया।

अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद की प्रदेश मंत्री का महत्वपूर्ण दायित्व मिलने के पश्चात कंचन पाठक शुक्ला ने मीडिया से चर्चा करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है और उन्हें रायपुर सहित पूरे प्रदेश में हिंदुत्व एवं समाज के लिए कार्य करने का जो गौरवशाली अवसर प्रदान किया है, वे पूरी निष्ठा, समर्पण और ऊर्जा के साथ अपने धर्म व संस्कृति को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगी।

अपने संदेश में नवनियुक्त प्रदेश मंत्री कंचन पाठक शुक्ला ने विशेष रूप से हिंदू बालिकाओं और युवतियों से आह्वान करते हुए कहा कि सभी प्रतिदिन नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ अवश्य करें। उन्होंने कहा कि हनुमान चालीसा के पाठ से आत्मबल की प्राप्ति होती है और जीवन में आने वाली अनेक विपदाएं स्वतः ही दूर हो जाती हैं। उन्होंने ‘जय श्री राम’ के उद्घोष के साथ सभी से संगठन के इस धर्म जागरण अभियान से सक्रिय रूप से जुड़ने का अनुरोध किया।

इससे पूर्व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया ने ‘वीर हिंदू, विजेता हिंदू’ अभियान के अंतर्गत हिंदू समाज की एकता, संगठन विस्तार, धार्मिक जागरूकता, सुरक्षा एवं सेवा कार्यों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने देशभर में 25 लाख घरों तक संपर्क अभियान चलाने एवं 11 लाख सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आयोजित करने के लक्ष्य को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। इस अभियान के अंतर्गत गांव-गांव, नगर-नगर, गली-मोहल्लों एवं मंदिरों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आयोजित करने की विस्तृत योजना बनाई गई है। साथ ही जरूरतमंद हिंदू परिवारों को त्वरित सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए हिंदू हेल्पलाइन सेवा की जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रदेश संगठन मंत्री राहुल वड़ीवा, प्रदेश सह संगठन मंत्री गौरीशंकर भल्लावी, अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के प्रदेश मंत्री नागेश साह, राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रदेश महामंत्री मुकेश चक्रधारी, प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र महंत, प्रदेश मंत्री मनोज साहू, प्रदेश मंत्री कुणाल चौबे सहित जिला एवं नगर के अनेक पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



