खमतराई पुलिस का विशेष अभियान: एक ही दिन में 12 वारंट तामील, लंबे समय से फरार आरोपी गिरफ्तार
DCP नार्थ दीपमाला कश्यप के निर्देश पर चला विशेष धरपकड़ अभियान, लंबे समय से चकमा दे रहे आरोपी पहुंचे सलाखों के पीछे

रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा-शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने वारंटियों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में थाना खमतराई पुलिस ने रविवार को एक विशेष अभियान चलाते हुए एक ही दिन में कुल 12 वारंटों की सफल तामिली की है, जिसमें 11 गिरफ्तारी वारंट और 01 स्थाई वारंट शामिल हैं।
पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) श्रीमती दीपमाला कश्यप के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री आदित्य पाण्डेय तथा सहायक पुलिस आयुक्त (उरला) सुश्री पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में नार्थ जोन के सभी थानों में लंबे समय से लंबित वारंटों के निपटारे के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
इन निर्देशों के परिपालन में थाना प्रभारी खमतराई के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाते हुए लंबे समय से फरार और न्यायालय में पेश न होने वाले वारंटियों के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। पुलिस की इस मुस्तैदी के चलते 11 गिरफ्तारी वारंटियों और 01 स्थाई वारंटी को ढूंढ निकालकर गिरफ्तार किया गया।
पकड़े गए सभी 12 वारंटियों के खिलाफ विधिवत वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि न्यायालयीन प्रक्रियाओं को सुचारू रखने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। फरार और लंबे समय से छिप रहे अपराधियों के खिलाफ खमतराई पुलिस की यह प्रभावी कार्रवाई अपराधियों के लिए स्पष्ट संदेश है।



