Big BreakingChhattisgarhCrimeFeaturedरायपुर
Trending

खमतराई के ‘अंधे कत्ल’ का 24 घंटे में खुलासा, दो पल्सर बाइक चोरियों का भी पर्दाफाश

शराब के नशे में मामूली विवाद पर पत्थर से कुचलकर की थी हत्या, आरोपी शिवा सोनी और एक नाबालिग गिरफ्तार।







रायपुर। राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र के अंतर्गत डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी क्रिकेट मैदान में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले को रायपुर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस अंधे कत्ल के आरोप में एक मुख्य आरोपी सहित विधि के साथ संघर्षरत (नाबालिग) एक बालक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पूर्व में चोरी की गई दो पल्सर मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं, जिनकी कीमत करीब 1,60,000 रुपये आंकी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीती 21 जून को डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी क्रिकेट मैदान के पास एक अज्ञात व्यक्ति का लहूलुहान शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। मृतक के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर बेरहमी से हत्या की गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राईम एवं साईबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के सीधे निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट (ACCU) तथा खमतराई पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया।

शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस टीम ने जिले और आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली और हुलिए का मिलान किया। आखिरकार मृतक की पहचान रूपेश सारथी (35 वर्ष), निवासी शहीद नगर, खमतराई के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया, जिससे गोवर्धन नगर निवासी संदेही शिवा सोनी का नाम सामने आया।

पुलिस ने जब संदेही शिवा सोनी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम देना कुबूल कर लिया।

घटना के दिन दोनों आरोपी शराब के नशे में धुत होकर एक्टिवा से जा रहे थे। इसी दौरान जी.टी. कॉम्प्लेक्स खमतराई के पास उनका रूपेश सारथी से किसी बात को लेकर क्षणिक विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ने रूपेश के साथ जमकर मारपीट की और उसे जबरन अपनी एक्टिवा पर बैठाकर डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी मैदान ले गए। वहां दोबारा मारपीट करते हुए पास में पड़े एक भारी पत्थर से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर रूपेश को मौत के घाट उतार दिया।

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई एक्टिवा और खून से सना पत्थर बरामद कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ खमतराई थाने में अपराध क्रमांक 574/26, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मर्डर मिस्ट्री सुलझते ही खुला दो बाइक चोरियों का राज

पकड़े गए आरोपियों से जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो राजधानी में हुई दो अन्य वाहन चोरियों का भी खुलासा हुआ।

  • देवेन्द्र नगर चोरी: आरोपियों ने गत 30 मई को शास्त्री नगर से एक पल्सर मोटरसाइकिल (CG 04 MF 3934) चोरी की थी।
  • पुरानी बस्ती चोरी: गत 9 जून को भाठागांव स्थित एक होटल के सामने से आरोपियों ने दूसरी पल्सर मोटरसाइकिल (CG 05 AQ 7813) पार की थी।

पुलिस ने दोनों चोरी की गाड़ियां बरामद कर ली हैं और इन मामलों में भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. शिवा सोनानी उर्फ तुषार (पिता भुनेश्वर सोनी, उम्र 20 वर्ष), निवासी- गोवर्धन नगर, भनपुरी, खमतराई, रायपुर।
  2. विधि के साथ संघर्षरत 01 बालक (नाबालिग)।

Richa Sahay

ऋचा सहाय — पत्रकारिता और न्याय जगत की एक सशक्त आवाज़, जिनका अनुभव दोनों क्षेत्रों में अद्वितीय है। वर्तमान में The 4th Pillar की वरिष्ठ समाचार संपादक के रूप में कार्यरत ऋचा सहाय दशकों से राजनीति, समाज, खेल, व्यापार और क्राइम जैसी विविध विषयों पर बेबाक, तथ्यपूर्ण और संवेदनशील लेखन के लिए जानी जाती हैं। उनकी लेखनी की सबसे खास बात है – जटिल मुद्दों को सरल, सुबोध भाषा में इस तरह प्रस्तुत करना कि पाठक हर पहलू को सहजता से समझ सकें।पत्रकारिता के साथ-साथ ऋचा सहाय एक प्रतिष्ठित वकील भी हैं। LLB और MA Political Science की डिग्री के साथ, उन्होंने क्राइम मामलों में गहरी न्यायिक समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण स्थापित किया है। उनके अनुभव की गहराई न केवल अदालतों की बहसों में दिखाई देती है, बल्कि पत्रकारिता में उनके दृष्टिकोण को भी प्रभावशाली बनाती है।दोनों क्षेत्रों में वर्षों की तपस्या और सेवा ने ऋचा सहाय को एक ऐसा व्यक्तित्व बना दिया है जो ज्ञान, निडरता और संवेदनशीलता का प्रेरक संगम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button